शहर

Datia Bypoll: '20 हजार से जीतेंगे' बनाम '25 हजार से हराएंगे', नरोत्तम मिश्रा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज

Datia Bypoll: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने दावा किया है कि पार्टी यह चुनाव कम से कम 20 हजार वोटों के अंतर से जीतेगी। दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने पलटवार करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार की 25 हजार से अधिक वोटों से जीत की भविष्यवाणी की है।

Image

दतिया उपचुनाव में मतदान से पहले दावों की जंग

Photo : ANI

Datia Bypoll: मध्य प्रदेश की राजनीति में दतिया विधानसभा सीट हमेशा से ही हाई-प्रोफाइल रही है। अब यहां होने जा रहे उपचुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग बेहद दिलचस्प हो गई है। दोनों ही दल अपनी-अपनी जीत को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। जहां एक तरफ बीजेपी ने अपनी शानदार जीत का भरोसा जताया है, वहीं कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए उससे बड़ा आंकड़ा पेश कर दिया है।

शनिवार को मीडिया से बात करते हुए बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Narottam Mishra) काफी आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि दतिया उपचुनाव (Datia Upchunav) के लिए बीजेपी की तैयारियां जमीन पर बहुत मजबूत हैं। उन्होंने दावा किया, "जिन्हें बीजेपी में शामिल होना था, वे पहले ही आ चुके हैं। हमारी पार्टी ने किसी को आने के लिए अलग से न्योता नहीं भेजा है। दतिया में माहौल पूरी तरह हमारे पक्ष में है और बीजेपी यहां लगभग 20 हजार वोटों के अंतर से एकतरफा जीत दर्ज करेगी।" बीजेपी ने इस सीट से आशुतोष तिवारी (Ashutosh Tiwari) को अपना उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस का 25 हजार वोटों से जीत का पलटवार

नरोत्तम मिश्रा के इस दावे के तुरंत बाद कांग्रेस की तरफ से भी जवाबी हमला हुआ। साल 2023 के चुनाव से ठीक पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए वरिष्ठ नेता अवधेश नायक ने कहा कि बीजेपी के दावे खोखले हैं। नायक के मुताबिक, कांग्रेस के उम्मीदवार घनश्याम सिंह (Ghanshyam Singh) एक बेहद ईमानदार, सरल और जमीनी इंसान हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस दतिया उपचुनाव को 25 हजार से भी ज्यादा वोटों के अंतर से जीतेगी और 2023 के विधानसभा चुनाव के नतीजों को दोहराएगी।

नाराजगी और दल-बदल की अफवाहों पर लगा विराम

इस दौरान अवधेश नायक ने उन अफवाहों पर भी पूरी तरह विराम लगा दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि वे कांग्रेस छोड़ रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया। नायक ने स्वीकार किया कि चुनाव प्रचार में कुछ दिन सक्रिय न रहने की वजह से उनके समर्थकों और परिवार में थोड़ी नाराजगी थी, क्योंकि उन्हें टिकट नहीं मिल पाया था। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने खुद उनके परिवार से मुलाकात की और उन्हें पूरा सम्मान देने का भरोसा दिया।

नायक ने साफ किया कि वे पूरी ताकत से कांग्रेस के साथ खड़े हैं और विरोधियों की किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने देंगे। बता दें कि दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को एक धोखाधड़ी के मामले में दोषी ठहराए जाने और अयोग्य घोषित किए जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article