KC Tyagi JDU News: जेडीयू के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। जनता दल यूनाइटेड पार्टी के आला सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ नेता केसी त्यागी का पार्टी में चैप्टर अब खत्म हो गया है। सूत्रों की मानें तो JDU से उनकी विदाई हो चुकी है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
बता दें कि काफी दिनों से माना जा रहा था पार्टी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। हाल के दिनों में केसी त्यागी के कुछ बयानों और गतिविधियों को लेकर पार्टी के भीतर असंतोष की खबरें सामने आई थीं। बताते हैं कि त्यागी ने पार्टी लाइन से अलग स्टैंड लिया था।
माना जा रहा है कि इसके बाद ही जेडीयू ने उनसे दूरी बनाने की निर्णय लिया। पार्टी प्रवक्ता राजीव रंजन के हालिया बयान से यह लग रहा है कि जेडीयू का अब त्यागी से कोई औपचारिक संबंध नहीं रह गया है। वैसे अभी तक केसी त्यागी के पार्टी की ओर से निकाले जाने का ऐलान अधिकारिक रूप से नहीं किया गया है।
नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की मांग
केसी त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'भारत रत्न' देने की मांग की। त्यागी ने नीतीश कुमार को समाजवादी आंदोलन का अनमोल रत्न बताया और कहा कि वे इस सम्मान के योग्य हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी ने पहले भी चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर जैसे समाजवादी नेताओं को सम्मानित किया है।
