Bihar Politics: मकर संक्रांति के बाद बिहार में होगा कुछ बड़ा; दिल्ली में पीएम मोदी-अमित शाह से मिले नीतीश-सम्राट
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 22, 2025, 04:32 PM IST
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट कर इस मुलाकात के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उनके बीच बिहार के विकास को लेकर चर्चा हुई।
पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी। फोटो-PTI
बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने आज दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी और जेडीयू नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह भी मौजूद थे। हाल ही में बिहार में हुए विधानसभा चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत के एक महीने बाद यह मुलाकात हुई है। वहीं, नीतीश कुमार ने इससे पहले अमित शाह से भी मुलाकात की थी। जिसके बाद दिल्ली में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। वहीं, बिहार में नितिन नबीन के भाजपा कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद वहां मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट कर इस मुलाकात के बारे में जानकारी दी। इस दौरान उनके बीच बिहार के विकास को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद चौधरी ने कहा कि बिहार में एनडीए को मिले भारी जनादेश के बाद, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजीव रंजन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ शिष्टाचार मुलाकात की। अपनी पोस्ट में सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में देश और बिहार निरंतर प्रगति कर रहे हैं। इस दौरान विकसित बिहार के लक्ष्यों पर बहुमूल्य मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। इस दौरान राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार का मुद्दे पर भी विस्तार से बात हुई।
नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एक महीने पहले लगातार पांचवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार का राष्ट्रीय राजधानी का पहला दौरा है। शाह के आवास पर हुई बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बता दें कि नीतीश कुमार रविवार को दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे थे। बैठक में मकर संक्रांति के बाद संभावित राज्य मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर चर्चा होने की उम्मीद है।
मकर संक्रांति के बाद हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार
संभावना जताई जा रही है कि बिहार में मकर संक्रांति के बाद मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। बिहार विधानसभा की 243 सदस्यीय सीट के लिए नवंबर में चुनाव हुए थे। इस चुनाव में एनडीए ने 202 सीटें हासिल कीं और नीतीश कुमार ने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद पर शपथ ली थी। वहीं, एनडीए के सहयोगी दलों में भाजपा ने 89 सीटें, जेडीयू ने 85 सीटें, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटें, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (धर्मनिरपेक्ष) ने पांच सीटें और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने चार सीटें जीतीं।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।