India Pakistan Tension: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को कहा कि दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव कम करने के लिए विभिन्न देशों की ओर से किये जा रहे प्रयासों के बावजूद समय गुजरने के साथ भारत के साथ संघर्ष की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं। आसिफ ने यह टिप्पणी संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए की, जहां उनसे देश की सुरक्षा स्थिति के बारे में पूछा गया था।
घबराए PAK ने फिर दी गीदड़भभकी
उन्होंने कहा कि समय गुजरने के साथ संघर्ष की आशंकाएं बढ़ती जा रही हैं, कम नहीं हो रही हैं। हालांकि, कई देश इस स्थिति को टालने की कोशिश कर रहे हैं। आसिफ ने पाकिस्तान पर किसी भी हमले की स्थिति में भारत को उचित जवाब देने की प्रतिबद्धता जताई, लेकिन पाकिस्तानी कार्रवाई का ब्योरा देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि भारत की ओर से कोई उल्लंघन किया जाता है, तो हम जवाब देंगे और हमारी प्रतिक्रिया भारतीय कार्रवाई पर निर्भर करेगी।
उन्होंने कहा कि हमारी प्रतिक्रिया के बारे में कोई संदेह नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत को समझदारी दिखानी होगी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि जमीनी स्तर पर इसका कोई सबूत नहीं है, क्योंकि तनाव में कोई कमी नहीं आई है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं पाकिस्तान की प्रतिक्रिया के बारे में अटकलें नहीं लगाना चाहता, लेकिन यह भारतीय कार्रवाई से बड़ी होगी।
ख्वाजा आसिफ का 'X' अकाउंट ब्लॉक
भारत सरकार ने मंगलवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का एक्स अकाउंट ब्लॉक कर दिया। पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है, जब आसिफ के सार्वजनिक रूप से स्वीकार किए जाने के बाद पाकिस्तान की भूमिका 'वैश्विक आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले धूर्त देश' के रूप में उजागर हो गई है।
