देश

Pahalgam Terror Attack: बंद कमरे में 2 घंटे चली सर्वदलीय बैठक, सरकार ने सुरक्षा चूक की मानी बात! जानें क्या-क्या हुई बात

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर गुरुवार की शाम संसद परिसर में सर्वदलीय बैठक हुई। इस बैठक की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। बंद कमरे में दो घंटे चली सर्वदलीय बैठक में सरकार ने पहलगाम में सुरक्षा चूक की बात स्वीकार की। सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर दलों ने सुरक्षा चूक और घटनास्थल पर प्रॉपर सुरक्षा न होने की बात उठाई।

Image

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू

Photo : ANI

Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को लेकर भारत सरकार एक्शन में नजर आ रहा है। पाकिस्तान पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। साथ ही विदेश मंत्री जयशंकर और गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को गुरुवार को हालिया अपडेट दिया। इस बीच, गुरुवार की शाम संसद परिसर में सर्वदलीय बैठक हुई। इस बैठक की अगुवाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की और गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

दो घंटे चली सर्वदलीय बैठक

बंद कमरे में दो घंटे चली सर्वदलीय बैठक में सरकार ने पहलगाम में सुरक्षा चूक की बात स्वीकार की। सूत्रों ने बताया कि ज्यादातर दलों ने सुरक्षा चूक और घटनास्थल पर प्रॉपर सुरक्षा न होने की बात उठाई। राहुल गांधी ने भी पूछा कि बैसरन घाटी में जहां घटना हुई वहां सुरक्षाकर्मी क्यों नहीं थे?

सरकार ने क्या कुछ कहा?

सूत्रों के मुताबिक, ज्यादातर राजनीतिक दलों द्वारा उठाए गए सवाल पर सरकार ने कहा कि अमूमन इस रूट को जून में खोला जाता है जब अमरनाथ यात्रा शुरू होती है, क्योंकि अमरनाथ यात्रा के यात्री इस जगह पर आराम करते हैं, लेकिन इस बार स्थानीय टूर ऑपरेटर्स ने सरकार को बिना जानकारी दिए हुए वहां पर टूरिस्ट की बुकिंग लेनी शुरू कर दी और 20 अप्रैल से वहां पर टूरिस्ट को ले जाना शुरू कर दिया जिस बात की जानकारी स्थानीय प्रशासन को नहीं थी। इस वजह से वहां पर सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम नहीं किए गए, क्योंकि इस जगह पर हर साल अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले जून के माह में तैनाती होती है।

सूत्रों ने बताया कि एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सिंधु जल समझौते को अस्थाई रूप से निलंबित करने के मुद्दे पर कहा कि हमारे पास पानी रखने या रोकने का कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में आस्थगन पर रखने का क्या फायदा? इस पर सरकार ने जवाब दिया कि यह सरकार की मंशा जताने और एक संदेश देने के लिए किया गया है और यह बताने के लिए किया गया है कि भारत सरकार का रुख आगे क्या होगा।

IB निदेशक ने दिया प्रेजेंटेशन

सर्वदलीय बैठक में मौजूद इंटेलिजेंस ब्यूरो के निदेशक ने 15 मिनट का एक प्रेजेंटेशन दिया जिसमें पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी जानकारी थी। इस बैठक में सभी दलों ने एक स्वर में आतंकी हमले की निंदा की और कड़ी से कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। बैठक के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विपक्ष सरकार के साथ है।

बैठक के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि सभी दलों ने सरकार से आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए निर्णायक कार्रवाई करने की मांग की। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि बैठक में संभावित सुरक्षा चूक पर भी चर्चा हुई, लेकिन विपक्ष ने सरकार को आश्वासन दिया कि वह आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उसके साथ है। बंदोपाध्याय ने कहा, ''आतंकवाद को खत्म करने की इस लड़ाई में राष्ट्र को पूरी तरह एकजुट होना होगा।''

पीड़ितों के सम्मान में रखा गया मौन

बैठक में सरकार ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं को पहलगाम आतंकवादी हमले की जानकारी दी और उनके विचार सुने। बैठक शुरू होने पर पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों के सम्मान में कुछ देर का मौन रखा गया।

रिजिजू ने बताई अंदर की बात

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार ने सभी दलों के नेताओं को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आईबी और गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने नेताओं को चूक के बारे में जानकारी दी; ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में सभी दलों ने कहा कि वे सरकार के साथ हैं और आतंकवाद के खिलाफ हैं।

रिजिजू ने कहा कि पहलगाम हमला ऐसे समय में माहौल बिगाड़ने के लिए किया गया, जब अर्थव्यवस्था की स्थिति में सुधार हो रहा था और पर्यटन फलफूल रहा था। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सर्वदलीय बैठक में नेताओं को पहलगाम हमले और उसके बाद सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article