जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण हमले के बाद आतंकवादियों के तंत्र के खिलाफ व्यापक कार्रवाई के तहत पुलिस ने सोमवार को इस केंद्र शासित प्रदेश की राजधानी श्रीनगर, डोडा और किश्तवाड़ में दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की।
जम्मू कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ अभिया जारी (प्रतीकात्मक फोटो)
36 स्थानों की तलाशी
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि यह तलाशी जम्मू कश्मीर पुलिस के अधिकारियों की निगरानी में कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उचित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार ली गई। उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर में 36 स्थानों पर तलाशी ली गई, जिनमें से अधिकतर परिसर आतंकवादियों या आतंकवादियों से सहानुभूति रखने वालों के हैं।
कहां -कहा मारे छापे
सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कई ऐसे व्यक्तियों के परिसरों की तलाशी ली, जिनके आतंकवादी समूहों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से गतिविधियां चलाने वाले लोगों से जुड़े होने का संदेह है। पुलिस प्रवक्ता ने श्रीनगर में कहा, "प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के आतंकवादी सहयोगियों के खिलाफ अपनी निरंतर कार्रवाई और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामलों की जांच को आगे बढ़ाने के लिए, श्रीनगर पुलिस जिले में आतंकवाद को समर्थन देने वाले बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के उद्देश्य से शहर में कई स्थानों पर छापेमारी जारी रखे हुए है।"
सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ
आतंकवाद-रोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों ने घाटी में सिर्फ छह दिनों में 600 से अधिक जगहों पर छापे मारे हैं और सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ की है। अधिकारियों ने 22 अप्रैल को बैसरन के हरे-भरे मैदानों में हुए हमले के बाद से संदिग्ध आतंकवादियों और आतंकी संगठनों के सक्रिय सदस्यों के नौ घरों को भी ध्वस्त कर दिया है।
