देश

न आतंकी बचेंगे न उसके मददगार, बडगाम में लश्कर के तीन सहयोगी हथियार के साथ गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के बडगाम में पुलिस ने आतंकियों के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं। इनका संबंध लश्कर से बताया जा रहा है।

Image

जम्मू कश्मीर में आतंकियों के तीन सहयोगी गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : PTI

जम्मू कश्मीर में सेना आतंकियों और आतंकियों के सहयोगियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशन चला रही है। पिछले 3 दिनों में 6 आतंकी मारे जा चुके हैं, अब आतंकियों के तीन सहयोगियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लश्कर के इन सहयोगियों के पास ने भारी मात्रा में हथियार भी बरामद हुआ है।

बडगाम में आतंकियों के सहयोगी गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कहा कि आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जारी प्रयासों में, बडगाम पुलिस ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़े तीन आतंकी सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मुजामिल अहमद, इश्फाक पंडित (दोनों अगलार पट्टन के निवासी) और मुनीर अहमद निवासी मीरीपोरा बीरवाह के रूप में हुई है। गिरफ्तारियां मगाम के कावूसा नरबल इलाके से की गईं।

मिले हथियार

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार लोगों के पास से एक पिस्तौल और एक हथगोला सहित हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। इस संबंध में, गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस स्टेशन मगाम में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

मारे गए छह आतंकी

कश्मीर में पिछले तीन दिनों में छह कुख्यात आतंकवादियों को मार गिराया है। मंगलवार और बृहस्पतिवार को शोपियां के केल्लर इलाके और पुलवामा के त्राल के नादर इलाके में मुठभेड़ हुई। दोनों अभियानों में तीन-तीन आतंकवादी मारे गए। मारे गए छह आतंकवादियों में से मुख्य आतंकवादी शाहिद कुट्टा था, जो कई बड़े हमलों में शामिल था। उन्होंने बताया कि शाहिद कुट्टा पिछले साल 18 मई को शोपियां के हीरपोरा में एक सरपंच पर हमला करने और पिछले साल आठ अप्रैल को डेनिश रिजॉर्ट में गोलीबारी की घटना में शामिल था, इस घटना में दो जर्मन पर्यटक और एक चालक घायल हो गया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article