देश

'ट्रंप प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी चिंताजनक, सरकार कर रही जांच'; USAID विवाद पर बोले जयशंकर

USAID Funding Row: यूएसएड फंडिंग को लेकर उठे विवाद के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि ट्रंप प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी चिंताजनक है और सरकार इसकी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अब अमेरिका से यह संकेत मिल रहे हैं कि कुछ गतिविधियां दुर्भावनापूर्ण थीं। इसलिए इस पर निश्चित रूप से गौर किया जाना चाहिए।

Image

विदेश मंत्री एस जयशंकर (फाइल फोटो)

USAID Funding Row: देश में कुछ गतिविधियों के लिए यूएसएड की ओर से वित्तपोषण को लेकर उठे विवाद के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि ट्रंप प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी चिंताजनक है और सरकार इसकी जांच कर रही है।

उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) में आयोजित डीयू साहित्य महोत्सव के दौरान प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल से बातचीत में यह बात कही। सान्याल ने उनसे ‘यूएसएड’ के मुद्दे के बारे में पूछा जो हाल में सुर्खियों में रहा है।

जयशंकर ने क्या कुछ कहा?

जयशंकर ने कहा, “मुझे लगता है कि ट्रंप प्रशासन के लोगों द्वारा कुछ जानकारी सामने रखी गई है, और जाहिर है कि यह चिंताजनक है। इससे पता चलता है कि ऐसी गतिविधियां हैं जिनका एक निश्चित उद्देश्य है किसी विमर्श या दृष्टिकोण को बढ़ावा देना।

उन्होंने कहा, “एक सरकार के रूप में, हम इसकी जांच कर रहे हैं, क्योंकि ऐसे संगठनों का दायित्व है कि वे जानकारी दें। और, मेरा मानना है कि तथ्य सामने आएंगे।”

विदेश मंत्री ने कहा, “मैंने पढ़ा, फलां व्यक्ति ने यूएसएड के साथ काम किया...देखिए, यह सवाल नहीं है कि आपने यूएसएड के साथ काम किया या नहीं, यूएसएड को अनुमति दी गई थी...यह ऐतिहासिक रूप यहां काम करता रहा है, लेकिन यूएसएड को सद्भावनापूर्वक, सद्भावनापूर्ण गतिविधियां करने के लिए यहां अनुमति दी गई थी।”

मामले की जांच कर रही सरकार

उन्होंने कहा, “अब अमेरिका से यह संकेत मिल रहे हैं कि कुछ गतिविधियां दुर्भावनापूर्ण थीं। इसलिए इस पर निश्चित रूप से गौर किया जाना चाहिए और यदि ऐसा कुछ है तो मेरा मानना है कि देश को पता होना चाहिए कि दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों में कौन लोग शामिल हैं।”

मियामी में बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अमेरिका की अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी (यूएसएआईडी) द्वारा दिए गए 2.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर के वित्त पोषण पर सवाल उठाया था और सवाल किया था कि क्या किसी और को चुनाव जिताने के प्रयास के तहत ऐसा किया गया।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article