The Kerala Story: धर्मांतरण पर आधारित फिल्म 'द केरला स्टोरी' को लेकर जमकर राजनीति हो रही है। बीजेपी शासित इसे टैक्स फ्री कर रहे हैं तो विपक्षी दल शासित राज्य इस पर बैन लगा रहे है। बीजेपी शासित राज्य मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड ने टैक्स फ्री कर दिया है जबकि पश्चिम बंगाल ने इस पर बैन लगा दिया है। वहीं, कुछ विपक्षी दलों के नेताओं ने फिल्म में नफरत को कथित तौर पर बढ़ावा दिये जाने को लेकर इसकी आलोचना की है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि फिल्म बनाने वालों ने कहा कि 32000 लड़कियों का धर्म परिवर्तन हुआ और उन्हें ISIS के काम पर लगाया गया लेकिन सच में 3 लड़कियां निकली। तो ऐसी झूठी फिल्में बनाने का मतलब क्या है? ऐसे ही कश्मीर फाइल्स बनी थी और जब सरकार किसी फिल्म के प्रमोशन में लग जाती तो उसका राजनीतिक उद्देश्य नजर आता है।
The Kerala Story: दिग्विजय सिंह ने द केरला स्टोरी पर उठाए सवाल
द केरला स्टोरी पर सुप्रीम कोर्ट करेगी सुनवाई
इस फिल्म को लेकर विवाद पैदा होने पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह इसकी रिलीज पर रोक लगाने से इनकार करने संबंधी केरल हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ एक याचिका पर 15 मई को सुनवाई करेगा। अदा शर्मा अभिनीत यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का निर्देशन सुदिप्तो सेन ने किया है और इसके निर्माता विपुल शाह हैं। यह फिल्म केरल से हजारों महिलाओं के कथित रूप से लापता होने से जुड़ी घटनाओं से संबंधित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे केरल की महिलाओं को इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया गया और आतंकी समूह ISIS ने उनकी भर्ती की।
द केरला स्टोरी के निर्माता को सरेआम फांसी दे देनी चाहिए
फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से ही राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था। बीजेपी ने महिलाओं को कथित तौर पर जबरन इस्लाम में धर्मांतरित किये जाने और उन्हें आईएसआईएस द्वारा भर्ती किये जाने को फिल्म में प्रदर्शित करने को लेकर इसका समर्थन किया है, जबकि विपक्षी दलों ने नफरत फैलाने का फिल्म निर्माताओं पर आरोप लगाया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि द केरला स्टोरी के निर्माता को सरेआम फांसी दे देनी चाहिए। आव्हाड ने कहा कि उन्होंने ना सिर्फ केरल को बदनाम किया है बल्कि राज्य की महिलाओं का भी अपमान किया है। राकांपा नेता ने कहा कि उनका कहना है कि केरल से 32,000 महिलाएं लापता हुईं और आतंकी समूह आईएसआईएस में शामिल हुईं, लेकिन वास्तविक संख्या तीन है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने लगाया प्रतिबंध
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसकी स्क्रीनिंग पर तुरंत पाबंदी लगाने का आदेश दिया था। तमिलनाडु में भी सिनेमाघरों ने कानून व्यवस्था की समस्या पैदा होने और कम संख्या में दर्शकों के पहुंचने का हवाला देते हुए इसकी स्क्रीनिंग रद्द कर दी।
सीएम योगी, धामी ने कही ये बात...
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया कि द केरला स्टोरी उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री की जाएगी। उनके सूचना निदेशक ने कहा कि केरला स्टोरी को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 12 मई को लखनऊ में अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखेंगे। वहीं, उत्तराखंड में अधिकारियों ने कहा कि राज्य में यह फिल्म टैक्स फ्री की जाएगी। पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि यह फिल्म राज्य में टैक्स होगी। हालांकि, इस बारे में राज्य सरकार द्वारा औपचारिक घोषणा की जानी अभी बाकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि फिल्म में सच्चाई है और सभी को इसे देखना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि फिल्म में इस सच्चाई को दिखाया गया है कि कैसे बिना हथियारों और गोला-बारूद के आतंकवाद को फैलाया जा रहा है। मुझे लगता है कि हर किसी को यह फिल्म देखनी चाहिए। धामी ने कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ फिल्म देखेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
