देश

कश्मीर में चिल्लई कलां ने बढ़ाई कंपकपी, -7.3 डिग्री सेल्सियस तापमान; जानें 31 दिसंबर तक के मौसम का हाल

Kashmir Winter Weather: कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के बीच इसके अधिकतर इलाकों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसके कारण विभिन्न क्षेत्रों में कई जलाशयों एवं जलापूर्ति लाइन में पानी जम गया है। अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है। गुलमर्ग को छोड़कर कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई।

Image

कश्मीर मौसम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • कश्मीर में शुरू हुआ 'चिल्लई कलां'।
  • शून्य के भी नीचे लुढ़का तापमान।
  • जलापूर्ति लाइन में भी जम गया पानी।


Kashmir Winter Weather: कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड के बीच इसके अधिकतर इलाकों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिसके कारण विभिन्न क्षेत्रों में कई जलाशयों एवं जलापूर्ति लाइन में पानी जम गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को बताया कि श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 7.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया । इससे एक दिन पहले यह आंकड़ा शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

अभी और गिरेगा तापमान

अगले दो दिनों में कश्मीर में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट का अनुमान है। गुलमर्ग को छोड़कर कश्मीर घाटी के अन्य सभी मौसम केंद्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में कश्मीर घाटी 'चिल्लई कलां' (बहुत अधिक सर्दी) की चपेट में है ।

तापमान में गिरावट से जलापूर्ति वाली पाइप लाइन में पानी जम गया जबकि डल झील समेत कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई।विभाग ने बताया कि उत्तरी कश्मीर में 'स्कीइंग' गतिविधियों के लिए मशहूर पर्यटक स्थल गुलमर्ग में तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह 7.4 डिग्री सेल्सियस था।

Kashmir_Winter_Weather

कश्मीर मौसम

दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि यहां एक रात पहले न्यूनतम तापमान शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। कश्मीर के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पंपोर क्षेत्र का कोनीबल सबसे सर्द स्थान दर्ज किया गया। यहां का तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि दक्षिणी कश्मीर के कोकेरनाग में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

31 तक कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग ने बताया कि 27 दिसंबर को दोपहर बाद से लेकर अगले दिन पूर्वाह्न तक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 29, 30 और 31 दिसंबर को मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, जबकि नए साल की पूर्व संध्या पर ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। एक से चार जनवरी तक कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। चिल्लई कलां के 40 दिनों के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान काफी गिर जाता है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article