इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू, सीएम मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी; चार घंटे में पूरा होगा सफर

Indore Abu Dhabi Flight: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी के लिए सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर इस फ्लाइट को रवाना किया।

Indore Abu Dhabi Flight: मध्य प्रदेश के हवाई यात्रियों के लिए 15 जुलाई का दिन एक ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी जाना बेहद आसान हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान इस नई डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास सौंपे और फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई विमान सेवा 'मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025' के तहत शुरू की गई है।

Indore Abu Dhabi Flight

इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान शुरू

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मां अहिल्या की नगरी इंदौर से इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत होना राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इंदौर के मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने की दिशा में यह एक बेहद जरूरी कदम है। पहले इंदौर से अबू धाबी जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था, जिसमें 7 से 8 घंटे का लंबा समय बर्बाद होता था। लेकिन अब इस सीधी उड़ान के जरिए लोग महज 3 से 4 घंटे में ही अपना सफर पूरा कर सकेंगे।

End of Feed