शहर

'जीतने वाले उम्मीदवार के खिलाफ रची गई साजिश...', बांकीपुर से वीणा मानवी का पर्चा खारिज होने पर भड़के तेज प्रताप यादव

Bankipur Bypoll: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले सियासी सरगर्मी चरम पर है। जनशक्ति जनता दल (JJD) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन खारिज होने पर पार्टी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने सरकार पर साजिश का आरोप लगाया है।

Image

वीणा मानवी का नामांकन रद्द होने पर भड़के तेज प्रताप

Photo : ANI

Bankipur Bypoll: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहा उपचुनाव हर दिन एक नया सियासी मोड़ ले रहा है। मतदान की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। ताजा घटनाक्रम में, जनशक्ति जनता दल (Janshaktii Janta Dal) की उम्मीदवार वीणा मानवी का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। तेज प्रताप यादव ने बेहद तल्ख लहजे में कहा कि यह पूरी कार्रवाई एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया, "हमारे खिलाफ बड़ी साजिश रची गई है।

सरकार ने जानबूझकर एक ऐसी उम्मीदवार का पत्ता साफ कर दिया जो जीत की दहलीज पर खड़ी थीं। लेकिन हम इस तरह डरने वाले नहीं हैं, हमारी पार्टी पूरी ताकत और मजबूत हौसले के साथ इस चुनाव में डटी रहेगी।" इस विवाद के बीच, बांकीपुर का चुनावी रण पहले से ही बेहद हाई-प्रोफाइल बना हुआ है। साल 1995 से इस सीट को भाजपा का सबसे मजबूत और अभेद्य गढ़ माना जाता रहा है। पहले नवीन किशोर सिन्हा और बाद में उनके बेटे व भाजपा नेता नितिन नवीन ने यहां लगातार अपना परचम लहराया है।

बांकीपुर का जातीय गणित भी काफी पेचीदा

पिछले चुनाव में नितिन नवीन को करीब 98,300 वोट मिले थे, जबकि आरजेडी दूसरे और प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार बेहद कम वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार भाजपा ने स्थानीय पकड़ रखने वाले नीरज कुमार सिन्हा को टिकट देकर अपनी साख दांव पर लगाई है। बांकीपुर का जातीय गणित भी काफी पेचीदा है। यहां लगभग 14 से 15 फीसदी कायस्थ मतदाता और अन्य सवर्ण जातियां पारंपरिक तौर पर भाजपा की रीढ़ मानी जाती हैं।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को परिणाम

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) खुद ब्राह्मण चेहरा होने के नाते इस सवर्ण वोट बैंक में सेंध लगाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। वहीं, विपक्षी महागठबंधन में भी दरार साफ नजर आ रही है। कांग्रेस जहां परोक्ष रूप से पीके की पार्टी को समर्थन देने की इच्छुक थी, वहीं आरजेडी ने रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाकर इस लड़ाई को त्रिकोणीय संघर्ष में बदल दिया है। अब देखना होगा कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों में बांकीपुर की जनता किस पर अपना भरोसा जताती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article