Indore Abu Dhabi Flight: मध्य प्रदेश के हवाई यात्रियों के लिए 15 जुलाई का दिन एक ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर से अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी जाना बेहद आसान हो गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम के दौरान इस नई डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास सौंपे और फ्लाइट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह नई विमान सेवा 'मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025' के तहत शुरू की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मां अहिल्या की नगरी इंदौर से इस अंतरराष्ट्रीय उड़ान की शुरुआत होना राज्य की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इंदौर के मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने की दिशा में यह एक बेहद जरूरी कदम है। पहले इंदौर से अबू धाबी जाने के लिए यात्रियों को दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता था, जिसमें 7 से 8 घंटे का लंबा समय बर्बाद होता था। लेकिन अब इस सीधी उड़ान के जरिए लोग महज 3 से 4 घंटे में ही अपना सफर पूरा कर सकेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'जीतने वाले उम्मीदवार के खिलाफ रची गई साजिश...', बांकीपुर से वीणा मानवी का पर्चा खारिज होने पर भड़के तेज प्रताप यादव
हर फ्लाइट पर 15 लाख रुपये की सब्सिडी देने को तैयार-सीएम
आम जनता को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'हवाई चप्पल वाले भी हवाई सफर करें' के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार इस नीति के तहत हर फ्लाइट पर 15 लाख रुपये की सब्सिडी देने को तैयार है। इस सब्सिडी के चलते अबू धाबी का जो टिकट पहले लगभग 25 हजार रुपये का मिलता था, वह अब यात्रियों को महज 12 से 14 हजार रुपये में उपलब्ध होगा। किराए के इस अंतर का खर्च खुद राज्य सरकार उठाएगी।
हर 45 किलोमीटर पर एक हेलीपैड बनाने की योजना-मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश में कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। राज्य में हर 75 किलोमीटर की दूरी पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट या एयर स्ट्रिप और हर 45 किलोमीटर पर एक हेलीपैड बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा और भोपाल-पटना जैसी नई उड़ानें भी जल्द शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अबू धाबी जाने वाले सभी यात्रियों को अपनी शुभकामनाएं दीं।
