CM Yogi on Indonesia President: टाइम्स नाउ नवभारत के कार्यक्रम नवभारत के महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने खरी-खरी बात कहते हुए भारत के अल्पसंख्यकों को अपने पूर्वजों पर गर्व करने की सलाह दी। इस सवाल पर कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति खुलकर कहते हैं कि मेरा डीएनए भारतीय है, उन्हें तो कोई संकोच नहीं हुआ, लेकिन भारत में ऐसा क्यों नहीं है। इस पर सीएम योगी ने कहा, यही तो सच्चाई है, इंडोनोशिया सबसे बड़ा मुस्लिम देश है। राष्ट्रपति का नाम विशुद्ध संस्कृत है, लेकिन उपासना पद्धति मुस्लिम है। इंडोनेशिया राम को अपना पूर्वज मानता है, गरुड़ उनकी नेशनल एयरलाइंस है, गणपति उनके करेंसी का हिस्सा है और रामलीला उनका राष्ट्रीय त्योहार है।
नवभारत महाकुंभ में सीएम योगी
क्या अल्पसंख्यक स्वीकार करेंगे कि उनके पूर्वज राम थे
सीएम योगी ने कहा, क्या भारत में रहकर, इस धरती का उपभोग करने वाली बड़ी आबादी जो दुर्भाग्य से वोट बैंक रह गए हैं, क्या वह स्वीकार कर पाएंगे कि उनके पूर्वज राम थे। कुछ तो उन्हें सीखना चाहिए। वहां के राष्ट्रपति कहते हैं कि मेरा डीएनए भारतीय है। भारत के महापुरुषों और पर्वों को सम्मान नहीं दोगे, ये चीजें नही चलेंगी।
ओवैसी को दिया जवाब
इस सवाल पर कि ओवैसी जैसे नेता चेतावनी दे रहे की वक्फ बिल में बदलाव होंगे तो सीएए जैसे विरोध दोबारा होगा, सीएम योगी ने कहा कि समय की आवश्यकतानुसार वक्फ बिल में बदलाव हो रहा है। मुझे खुशी है कि जेपीसी ने इस संशोधन पर काम किया है, उम्मीद है कि अगले सेशन में कुछ अच्छा होगा।
