Misleading VIDEO: कांग्रेस ने रविवार को एक वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सरकार ने युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया है। इस पर भारतीय रेल की प्रतिक्रिया सामने आई। रेलवे ने कांग्रेस द्वारा शेयर किए गए वीडियो को पुराना और भ्रामक करार दिया है और कहा कि इसे गलत इरादे से शेयर किया जा रहा है।
रेलवे ने कांग्रेस के वीडियो को बताया भ्रामक (फोटो साभार: @ECRlyHJP)
रेलवे ने VIDEO को बताया भ्रामक
ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कांग्रेस के वीडियो को 'गुमराह' करने वाला बताया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने कहा, ''यह एक पुराना वीडियो है, जिसे गलत इरादे के साथ शेयर किया जा रहा है। हम सभी से अपील करते हैं कि भ्रामक तस्वीरें या वीडियो साझा न करें। ऐसा करना देश और यात्रियों के हित में नहीं है।''
इसके अलावा, ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने एक के बाद एक पोस्ट कर बिहार के रेलवे स्टेशनों का मौजूदा हाल दिखाया। ईस्ट सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, बिहार के रेलवे स्टेशनों पर बिल्कुल भी भीड़ नहीं है और आवाजाही एकदम सामान्य है। रेलवे ने तो मुजफ्फरपुर स्टेशन से परीक्षा स्पेशन ट्रेन का वीडियो भी पोस्ट किया, जो 24 मई का ही बताया जा रहा है।
कांग्रेस ने शेयर किया था वीडियो
कांग्रेस ने छात्रों का एक वीडियो साझा किया, जो रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने की जद्दोजहद करते हुए दिखाई दे रहे हैं। स्टेशन पर छात्रों की भारी भीड़ है और उन्हें स्टेशन पर जमीन में लेटे हुए भी दिखाया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए कांग्रेस ने दावा किया था, ''ये बिहार के युवा हैं, जो ट्रेन में भेड़-बकरियों की तरह भरकर पॉलिटेक्निक परीक्षा देने जा रहे हैं। भाजपा सरकार ने बातें तो बड़ी-बड़ी की थी, लेकिन अब युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया है। सवाल है- क्या भाजपा नेताओं के बच्चे इस भयंकर गर्मी में इस तरह का सफर करेंगे?।''
