कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ सेना और पुलिस लगातार ऑपरेशन चला रही है। उनका खात्मा कर रही है। एक के बाद एक आतंकियों के मारे जाने की खबर आती रही है। मिली जानकारी के अनुसार दो पाकिस्तान समर्थित आतंकियों को सेना ने कश्मीर में घेर लिया है। उनके साथ एनकाउंटर चल रहा है।
कुलगाम में आतंकियों के साथ एनकाउंटर
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। समनू नेहामा क्षेत्र में सेना ने आतंकियों को घेर लिया है। सेना की जाल में फंसे आतंकियों की संख्या 2 बताई जा रही है। कश्मीर जोन पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ कुलगाम के दमहाल हांजी पोरा इलाके में शुरू हुई।
मिली थी विशेष जानकारी
बताया जा रहा है कि पुलिस, सेना की 34 आरआर और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष जानकारी पर घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। इसके बाद जैसे ही सेना के जवानों ने आतंकियों को घेरा, उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसके बाद सेना की ओर से भी जवाबी हमला हुआ।
अक्टूबर में भी मारे गए थे आतंकी
अक्टूबर में कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे। तब पुलिस ने कहा कि उनके हिजबुल मुजाहिदीन से संबंध थे। यह लगभग उसी समय हुआ जब राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के दो जवान घायल हो गए थे। इसके तुरंत बाद, आतंकवादियों का पता लगाने के उद्देश्य से कई दिनों तक घेराबंदी और तलाशी अभियान चलाया गया था।
