Runway बना अमृतसर-जामनगर हाईवे, सेना ने बीच सड़क उतारे 4 विमान; गडकरी ने शेयर किया वीडियो

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच बेहतरीन समन्वय का नतीजा है।

Landing on Amritsar-Jamnagar Highway: भारत के आधुनिक राजमार्ग अब सिर्फ गाड़ियों की आवाजाही तक सीमित नहीं रहे, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई पट्टी के रूप में भी काम करने के लिए तैयार हैं। गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) पर भारतीय सेना के चार विमानों ने सफल लैंडिंग और टेक-ऑफ करके इस क्षमता का प्रदर्शन किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने खुद इस अभ्यास का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है।

Highway landing Gadkari

अमृतसर-जामनगर हाईवे पर एयरक्राफ्ट लैंडिंग

कैसे अंजाम दिया गया यह अभ्यास?

इस विशेष अभ्यास में 'विंग्स ऑफ वैलोर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन' (Wings of Valour and Unity Expedition) में हिस्सा ले रही भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स' के पायलटों ने हिस्सा लिया। टीम के 4 माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) के 946वें से 949वें किलोमीटर (चेनेज) के हिस्से पर सटीक लैंडिंग की और फिर वहीं से सुरक्षित टेक-ऑफ भी किया।

सेना और NHAI के तालमेल की मिसाल

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस मौके को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच बेहतरीन समन्वय का नतीजा है। उन्होंने इस सफल प्रयास के लिए सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स', NHAI और सभी संबंधित एजेंसियों को बधाई दी। गडकरी के अनुसार, इस तरह के अभ्यास यह साबित करते हैं कि देश का हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर विश्व-स्तरीय मानकों के अनुरूप तैयार हो रहा है।

देश की सुरक्षा और पर्यटन को क्या होगा फायदा?

नितिन गडकरी ने इस उपलब्धि के कई दूरगामी फायदे भी गिनाए। मजबूत और लचीला राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क सिर्फ कनेक्टिविटी ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सशस्त्र बलों की रणनीतिक, परिचालन और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने में भी अहम भूमिका निभाता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उचित सुरक्षा उपायों और समन्वय के साथ ऐसे राजमार्गों का इस्तेमाल एरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी किया जा सकता है। बेहतर बुनियादी ढांचे से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होती है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलती है।

गडकरी ने इस भविष्य के लिए तैयार राजमार्ग नेटवर्क के निर्माण का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में सरकार एक ऐसा हाईवे नेटवर्क बना रही है, जो विकास के साथ-साथ देश की सामरिक जरूरतों पर भी खरा उतरे।

End Article
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के ...

End of Feed