देश

बाढ़ प्रभावित जम्मू और पंजाब में बचाव अभियान में जुटे वायुसेना के हेलीकॉप्टर, फंसे लोगों को निकालने के साथ पहुंचा रहे खाना-पानी

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बचाव कार्य में शामिल होने के लिए और अधिक परिवहन विमान तैयार रखे गए हैं।चौथे दिन बुधवार को भी मूसलाधार बारिश जारी रही, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है। हज़ारों लोगों को बाढ़ग्रस्त इलाकों से निकाला गया है उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में बाढ़ आ गई है।

Image

बचाव कार्य में शामिल होने के लिए और अधिक परिवहन विमान तैयार रखे गए हैं (फोटो:canva)

IAF Rescue in Jammu & Punjab Flood: भारतीय वायुसेना ने बुधवार को जम्मू और उत्तरी पंजाब के बाढ़ग्रस्त इलाकों में राहत और बचाव कार्यों के लिए छह हेलीकॉप्टर को सेवा में लगाया तथा गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक कस्बे से सेना के 38 और बीएसएफ के 10 जवानों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।इससे पहले राहत और बचाव सामग्री लेकर भारतीय वायुसेना का सी-130 परिवहन विमान, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम के साथ जम्मू में उतरा।

रक्षा मंत्रालय ने बयान में कहा कि वायु सेना राष्ट्रीय सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करती रहेगी और जम्मू क्षेत्र तथा उत्तरी पंजाब में बढ़ते जल स्तर और विनाशकारी बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक राहत और बचाव अभियान चला रही है।

'5 एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एक चिनूक हेलीकॉप्टर सेवा में लगे'

बयान में कहा गया, "उत्तरी क्षेत्र में निकटवर्ती ठिकानों से पांच एमआई-17 हेलीकॉप्टर और एक चिनूक हेलीकॉप्टर को तुरंत सेवा में लगाया गया, जिससे अधिकतम बचाव क्षमता और परिचालन पहुंच सुनिश्चित हुई। बचाव कार्यों में शामिल होने के लिए अतिरिक्त हेलीकॉप्टर तैयार हैं।"

पीने का पानी और खाने के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं

अधिकारियों ने बताया कि बचाव का अनूठा नमूना पेश करते हुए जम्मू के अखनूर में बाढ़ग्रस्त इलाकों से 12 सैन्य टुकड़ियों और तीन महिला बीएसएफ कांस्टेबल सहित 11 बीएसएफ कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।शाम को भारतीय वायुसेना के एक सूत्र ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों तक पीने का पानी और खाने के पैकेट जहाज के माध्यम से पहुंचाए जा रहे हैं।

पठानकोट इलाके में वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फंसे हुए 46 नागरिकों को निकाला

मंत्रालय ने बताया कि पंजाब के पठानकोट इलाके में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फंसे हुए 46 नागरिकों को निकाला। मंत्रालय ने कहा कि 750 किलोग्राम से ज़्यादा ज़रूरी राहत सामग्री विमान से गिराई गई। मंत्रालय ने बताया कि एक बेहद अहम अभियान में, 38 सैन्यकर्मियों और 10 बीएसएफ कर्मियों को "खतरनाक परिस्थितियों" में बुरी तरह प्रभावित डेरा बाबा नानक क्षेत्र से सुरक्षित निकाला गया। मंत्रालय ने बताया कि इस क्षेत्र में ऐसे और भी अभियान जारी हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article