NASA Satellite Images: अमेरिकी अंतरिक्षव एजेंसी नासा (NASA) ने एक नया ग्लोबल नाइटटाइम मैप जारी किया है। इस मैप में 2014 से 2022 के बीच पृथ्वी पर रात के समय रोशनी में आए बदलावों को सैटेलाइट इमेजरी के जरिए दिखाया गया है। दरअसल, वैज्ञानिकों ने नौ सालों तक हर रात ली गई तकरीबन 16 लाख सैटेलाइट तस्वीरों का विश्लेषण किया। इस दौरान, उत्तर भारत में रात के समय रोशनी में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
नासा ने जारी की तस्वीर (फोटो साभार: @NASAEarth)
इंटरनेट पर छाई तस्वीर
नासा की तस्वीर में उत्तर भारत अलग ही चमक रहा है, जिसे देख इंटरनेट यूजर्स विस्मय से भर गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अरविंद नामक एक यूजर ने तस्वीर को रिपोस्ट करते हुए कहा, ''उत्तर प्रदेश–बिहार क्षेत्र में रात के समय रोशनी का इस तरह बढ़ना पिछले 10-15 वर्षों में भारत की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक माना जा सकता है। देश के दूर-दराज़ इलाकों तक बिजली पहुंचना, उद्योगों का विस्तार, तेजी से बढ़ती प्रति व्यक्ति आय और घनी आबादी का बेहतर उपयोग, ये सभी कारक मिलकर इस बदलाव को दर्शाते हैं, जिसकी चमक अब अंतरिक्ष से भी साफ दिखाई दे रही है।''
यूजर ने आगे कहा कि बंगाल के कुछ हिस्सों में रोशनी में कमी देखने को मिलती है, जबकि आबादी बढ़ी है, जो एक अलग तस्वीर पेश करती है। वहीं, तेज नामक एक अन्य यूजर ने कहा, ''ज़रा रुकिए... क्या बिहार दुनिया के सबसे चमकीले स्थानों में से एक है या शायद सबसे चमकीला स्थान ही है?''
सैटेलाइट इमेज में चमक रहा उत्तर भारत
नासा के मुताबिक, नतीजों में सामने आया कि शहरी विकास के साथ-साथ उत्तर भारत में रात की रोशनी में तेजी आई। कनेक्टिकट यूनिवर्सिटी (University of Connecticut) में ग्लोबल एनवायरनमेंटल रिमोट सेंसिंग लेबोरेटरी के निदेशक और सह-लेखक जे झू ने कहा, ''रात-दर-रात गिरावट और तेजी पर नजर रखना ग्रह की धड़कन को देखने जैसा है।''
नासा के मुताबिक, 2011 से सक्रिय VIIRS सेंसर Suomi NPP, NOAA-20 और NOAA-21 सैटेलाइट पर लगे हुए हैं। ये उपकरण दृश्य से लेकर थर्मल इंफ्रारेड तरंगदैर्घ्य तक की रोशनी को पकड़ने में सक्षम हैं। इनमें मौजूद खास 'डे-नाइट बैंड' तकनीक बेहद कम रोशनी में भी अत्यधिक संवेदनशीलता के साथ काम करती है और पहले के डिफेंस मेटियोरोलॉजिकल सैटेलाइट प्रोग्राम द्वारा उपलब्ध कराए गए नाइट-लाइट डेटा की तुलना में कहीं अधिक सटीक और उच्च रिज़ॉल्यूशन वाली तस्वीरें प्रदान करती है।
