देश

मणिपुर: उखरुल में उग्रवादियों ने दो लोगों की हत्या की, मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद बोले- एनआईए से कराएंगे जांच

मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इनमें एक सेवानिवृत्त सेना कर्मी भी शामिल था। मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने घोषणा की है कि घटना की जांच एनआईए को सौंप दी जाएगी।

Image

उग्रवादियों ने दो लोगों की हत्या की

मणिपुर के उखरुल जिले में शनिवार को संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी सहित दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वहीं मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने घटना की जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने की घोषणा की। यह घटना शनिवार दोपहर लिटन थाना क्षेत्र के टी. एम. कासोम गांव में घटी।

मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को तंगखुल नगा बहुल पर्वतीय जिले का दौरा करने और कुकी व नगा निवासियों के साथ बातचीत के दौरान शांति व संवाद की अपील की थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई।

उखरुल जा रहे नागरिकों के वाहनों पर गोलीबारी

अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध उग्रवादियों ने इंफाल से उखरुल जा रहे नागरिकों के वाहनों पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि कार की आगे वाली यात्री सीट पर बैठे एक व्यक्ति के सिर में गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि गोली लगने से घायल हुए एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान ताशर गांव के निवासी सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम गांव के निवासी यारुइंगम वाशुम के रूप में हुई है। मुख्यमंत्री ने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने और माहौल खराब करने के उद्देश्य से की गई उकसावे वाली कार्रवाइयों के झांसे में न आने की अपील की।

एनआईए से कराई जाएगी जांच

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मैं आज (शनिवार) अपराह्न करीब ढाई बजे उखरुल जिले के टी. एम. कासोम गांव में उग्रवादियों द्वारा किए गए हमले में दो निर्दोष नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा करता हूं। मेरी सरकार ने इस मामले को राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) को सौंपने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि ताशर गांव के रहने वाले नागा रेजिमेंट के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी चिनाओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम सी वी गांव के यारुइंगम वाशुम के परिजनों को अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और दुख की इस घड़ी में उनके साथ हूं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!