देश

'ऑपरेशन सिंदूर' में ढेर आतंकी को मिला था राजकीय सम्मान, जनाजे में शामिल PAK सेना के ऑफिसर्स की आई लिस्ट

'ऑपरेशन सिंदूर' में मारे गए पाकिस्तान में आतंकवादियों को राजकीय सम्मान दिया गया। भारत ने पाकिस्तानी सेना और आतंकवाद के बीच घातक गठबंधन को उजागर किया। भारतीय सेना ने ऑपरेशन में मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी अब्दुल रऊफ के अंतिम संस्कार में मौजूद पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों के नाम जारी किए हैं।

Image

आतंकी के जनाजे में पाकिस्तानी सेना

भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम पर सहमति (सीजफायर) बनने के बाद भारतीय सेना ने रविवार को विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की। सेना की ओर से आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में तीनों सेनाओं थल सेना, वायु सेना और नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इन अधिकारियों ने सिलसिलेवार ढंग से सेना की जवाबी कार्रवाई और पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों और उसकी सेना को पहुंचे नुकसान के बारे में बताया। इस दौरान बताया गया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत 7 मई को की गई सैन्य कार्रवाई में यूसुफ अजहर, अब्दुल मलिक रऊफ और मुदस्सिर अहमद समेत 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी अब्दुल रऊफ के अंतिम संस्कार में प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय विधायक और पाकिस्तानी सेना के कई अफसर मौजूद थे।अब इन सबके नाम जारी किए गए हैं।

ब्रीफिंग का नेतृत्व सेना के लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, वायु सेना के एयर मार्शल ए.के. भारती और नौसेना के वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने 9 आतंकवादी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की बात कही। इस दौरान जिन आतंकियों को मारा गया, उनमें लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी अब्दुल रऊफ भी शामिल था। इसकी मौत पर पाकिस्तानी सेना को गहरा आघात लगा। DGMO ने बताया कि पाकिस्तान के मुरीदके में अब्दुल रऊफ (अमेरिकी-घोषित विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी) के जनाजे की नमाज़े में कई पाकिस्तानी सेना और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल थे।

अब्दुल रऊफ के जनाजे में शामिल हुए ये पाकिस्तानी सेना के अधिकारी

  • लेफ्टिनेंट जनरल फैयाज हुसैन
  • मेजर जनरल राव इमरान
  • ब्रिगेडियर मोहम्मद फुरकान

प्रशासन से शामिल हुए ये अधिकारी

  • डॉ उस्मान अनवर
  • पाकिस्तान पंजाब विधायक
  • मलिक सोहैब अहमद

लश्कर-ए-तैयबा का एक प्रमुख आतंकी रऊफ कश्मीर के विलय की खुलेआम वकालत करने और आत्मघाती हमलावरों की भर्ती और प्रशिक्षण में अपनी भूमिका के लिए जाना जाता था। पूरे राजकीय सम्मान के साथ आयोजित अंतिम संस्कार में उसकी उपस्थिति ने नामित आतंकवादी समूहों के लिए पाकिस्तान के समर्थन की गहराई को रेखांकित किया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article