देश

संसद में गतिरोध: मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट हुईं INDIA पार्टियां, ला सकती है अविश्वास प्रस्ताव

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 25, 2023, 11:30 AM IST

आज की बैठक में I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियों ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के प्रस्ताव पर चर्चा की। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है।

Image

Parliament

Photo : ANI

INDIA vs NDA: संसद में गतिरोध के बीच विपक्षी दलों ने आज एक अहम फैसला लिया। आज की बैठक में I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियों ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के प्रस्ताव पर चर्चा की। सूत्रों के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों ने संसद के मौजूदा मानसून सत्र में सरकार को घरने की आगे की रणनीति पर मंगलवार को चर्चा की। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संसद भवन स्थित कक्ष में हुई इस बैठक में खरगे के अलावा आम आदमी पार्टी (आप) के राघव चड्ढा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के टीआर बालू, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मनोज झा और कई अन्य नेता शामिल हुए।

विपक्षी दल मानसून सत्र के पहले दिन से ही मणिपुर के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संसद के भीतर वक्तव्य देने और विस्तृत चर्चा की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर हंगामे के कारण संसद के मानसून सत्र के पहले तीन दिन दोनों सदन की कार्यवाही बार-बार बाधित हुई थी। मणिपुर के मुद्दे पर संसद में जारी गतिरोध के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में कहा था कि सरकार इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा को तैयार है और विपक्ष से आग्रह है कि वह चर्चा होने दे और सच्चाई सामने आने दे।

मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाए जाने का वीडियो गत बुधवार को सामने आने के बाद राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में तनाव व्याप्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि यह वीडियो चार मई का है। मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की बहुसंख्यक मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पहाड़ी जिलों में तीन मई को आदिवासी एकजुटता मार्च के आयोजन के बाद राज्य में भड़की जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

सरकार अपने रुख पर अडिग

सूत्रों ने कहा कि सरकार को यह उम्मीद नहीं है कि विपक्ष अपनी मांग से पीछे हट जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मणिपुर मुद्दे पर संसद में बोलें। और अब सरकार अपने विधायी कार्य निपटाने पर जोर देगी। सूत्रों ने कहा कि अगर कोई विधेयक हंगामे के बीच पारित करना होगा तो ऐसा किया जाएगा।

वहीं, बीजेपी सांसदों की बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष दिशाहीन है। पीएम ने कहा कि मौजूदा समय का विपक्ष हताश हो चुका है और लगता है कि वह मन बना चुका है कि विपक्ष में ही रहना है। पीएम ने विपक्ष के इंडिया नाम पर भी कटाक्ष किया। पीएम ने कहा कि इंडिया नाम लगा लेने से ही नहीं हो जाता। ईस्ट इंडिया कंपनी ने भी इंडिया लगाया था और इंडियन मुजाहिद्दीन के नाम में भी इंडिया लगा है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article