देश

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव; कश्मीर पंजाब राजस्थान और गुजरात में ब्लैकआउट; LoC पर अलर्ट

India-Pak Standoff: जम्मू, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के बॉर्डर एरिया में तनाव बढ़ गया है। गुरुवार देर शाम विस्फोट की आवाजें आने से सुरक्षा बलों ने पाकिस्तानी ड्रोन नष्ट कर दिये। इस स्थिति को देखते हुए चारों राज्यों के विभिन्न शहरों में पूर्णतया ब्लैकआउट कर दिया गया है।

Image

ब्लैकआउट

India-Pak Standoff: जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के कई इलाकों में गुरुवार रात ब्लैकआउट कर दिया गया। इसके साथ ही सायरन भी बजने लगे। इस दौरान प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घरों के भीतर ही रहें और सतर्क रहें। उल्लेखनीय है कि भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के दौरान गुरुवार सुबह भारत ने पाकिस्तान की ओर से आए कई रॉकेटों को नष्ट कर दिया था। पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने सभी हमलों को नाकाम कर दिया। भारतीय रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि आज जम्मू-कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी ड्रोन और मिसाइलों द्वारा जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य स्टेशनों को निशाना बनाया गया।

पंजाब में कहां ब्लैकआउट

आर्मी की अधिकारी कर्नल कुरैशी और वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात ड्रोन और मिसाइलों की मदद से भारत के कई सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की। जिन शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की गई, उनमें अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज शामिल हैं। हालांकि, भारत की एकीकृत काउंटर-यूएएस ग्रिड और मजबूत वायु रक्षा प्रणालियों ने इन हमलों को पूरी तरह नाकाम कर दिया। विभिन्न ठिकानों पर बरामद मलबे ने यह स्पष्ट कर दिया कि ये हमले पाकिस्तानी क्षेत्र से ही किए गए थे।

अधिकारियों ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने गुरुवार को जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के कई स्थानों पर स्थित वायु रक्षा रडार और प्रणालियों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। लाहौर में एक वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट किया गया है।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में अकारण और उकसावे वाली गोलाबारी की, जिसमें मोर्टार और भारी तोपों का इस्तेमाल किया गया। इस हिंसक कार्रवाई में तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित कुल 16 निर्दोष नागरिकों की मृत्यु हुई है। भारतीय सेना ने इस अकारण गोलीबारी का उपयुक्त और संतुलित जवाब दिया है। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों के नौ ठिकानों पर हवाई हमले किए थे। बताया जा रहा है कि इन हमलों में करीब 100 आतंकवादियों की मौत हुई थी।

किन शहरों में ब्लैकआउट

  • श्रीनगर में ब्लैकआउट
  • वैष्णों देवी मंदिर में ब्लैकआउट
  • सांबा में पूर्ण ब्लैकआउट
  • जैसलमेर में ब्लैकआउट
  • पठानकोट में ब्लैकआउट
  • अमृतसर में पूर्ण ब्लैकआउट
  • गुरदासपुर में ब्लैकआउट
  • सांबा में ब्लैकआउट
  • जालंधर में ब्लैकआउट
  • बीकानेर में ब्लैकआउट

जम्मू-कश्मीर पर मिसाइल और ड्रोन हमले के बाद अलर्ट है। हालांकि, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हवाई अड्डे पर हमला हुआ है या नहीं, जहां भारतीय वायुसेना का स्टेशन भी स्थित है। हवाई अड्डे के आसपास दो शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनाई देने के तुरंत बाद जम्मू में बिजली गुल हो गई और अंधेरा छा गया। अधिकारियों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और भारतीय ड्रोन रोधी प्रणाली द्वारा कुछ पाकिस्तानी ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हवाई अड्डे के बाहर एक ड्रोन को गिरते हुए देखा गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article