India Ebola Alert: अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला वायरस (Ebola Virus Alert) के हालिया मामलों के बाद भारत सरकार और स्वास्थ्य मंत्रालय पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि फिलहाल भारत में इबोला वायरस का कोई भी पुष्टि किया गया मामला सामने नहीं आया है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और जांच बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार, युगांडा से हाल ही में भारत लौटे एक व्यक्ति को बेंगलुरु के सरकारी एपिडेमिक डिजीज हॉस्पिटल में आइसोलेशन में रखा गया है।
बेंगलुरु में इबोला संदिग्ध मरीज की जांच, स्वास्थ्य मंत्रालय सतर्क
स्वास्थ्य विभाग ने शख्स का लिया सैंपल
यह कदम पूरी तरह सावधानी के तौर पर उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि व्यक्ति में फिलहाल केवल हल्का बदन दर्द देखा गया है। इसके अलावा उसकी हालत सामान्य और स्थिर बनी हुई है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने उस व्यक्ति का सैंपल लेकर जांच के लिए पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेज दिया था। जिसकी रिपोर्ट भी आ गई है। आई रिपोर्ट के मुताबिक व्यक्ति इबोला वायरस से संक्रमित नहीं है।
केंद्र सरकार, राज्य सरकारें कर रहीं WHO की गाइडलाइन का पालन
मंत्रालय ने कहा है कि अभी घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है और सभी जरूरी स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है। केंद्र सरकार, राज्य सरकारें और स्वास्थ्य एजेंसियां मिलकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO Ebola Guidelines) की गाइडलाइन के अनुसार काम कर रही हैं। देश के बड़े एयरपोर्ट और अन्य एंट्री पॉइंट्स पर स्क्रीनिंग और निगरानी को और मजबूत कर दिया गया है। विदेश से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है और संदिग्ध लक्षण मिलने पर तुरंत मेडिकल जांच कराई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इबोला एक गंभीर वायरस है, इसलिए शुरुआती सतर्कता बेहद जरूरी होती है।
सरकार ने अस्पतालों और स्वास्थ्य कर्मियों को रखा अलर्ट
इसी वजह से स्वास्थ्य विभाग किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता। सरकार ने अस्पतालों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकारी या आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी की गई है।
