'कोई कुछ भी कहे, आप डरना मत, मोदी सरकार पर रखिए भरोसा', Times Now Summit में ईंधन संकट पर बोले गृह मंत्री शाह

टाइम्स नाउ समिट 2026 के दूसरे दिन टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पेट्रोलियम कंपनियों को घाटा न हो इसके लिए सरकार ने अपनी एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है।

Times Now Summit 2026 : पश्चिम एशिया में युद्ध की वजह से खड़े हुए ईंधन संकट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि दुनिया में भारत एक मात्र ऐसा देश है जहां पेट्रोल के दाम में जीरो वृद्धि हुई है। शाह ने कहा कि विश्व भर में कच्चे तेल की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है लेकिन भारत शायद एकमात्र देश है जहां पेट्रोल-डीजल के दाम में वृद्धि नहीं हुई है। गृह मंत्री शाह ने यह बात शुक्रवार को टाइम्स नाउ समिट-2026 में कही। समिट के दूसरे दिन टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में शाह ने कहा कि पेट्रोलियम कंपनियों को घाटा न हो इसके लिए सरकार ने अपनी एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। शाह ने कहा कि 'ईंधन संकट पर विपक्ष लोगों को गुमराह करना चाहता लेकिन मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि राहुल जी या कोई कुछ भी कहे आप डरिए मत, आप मोदी सरकार पर भरोसा रखें।'

amit shah

टाइम्स नाउ समिट 2026 में गृह मंत्री अमित शाह।

लोगों को राहत देने के लिए एक्साइज ड्यूटी में कटौती की-शाह

ईरान युद्ध की वजह से दुनिया भर में हुई पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत पर अपनी बात रखते हुए शाह ने कहा कि हमें देखना होगा कि पूरे विश्व में क्या हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ज्यादातर देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं। कई तरह की राशनिंग लागू हुई है। भारत शायद एकमात्र देश है जहां पेट्रोल-डीजल के दाम में वृद्धि नहीं हुई है। पेट्रोलियम कंपनियों को घाटा न हो सरकार ने अपनी एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। फिलिपींस में आपातकाल घोषित हो गया है। श्रीलंका में आठ लीटर से ज्यादा पेट्रोल नहीं मिल रहा है। बांग्लादेश में बाइक के लिए पेट्रोल निर्धारित हो गया है। पाकिस्तान में हफ्ते में चार दिन ही काम कर रहा है।

End of Feed