देश

पश्चिम एशिया जंग, महिला आरक्षण और नक्सलवाद मुक्त भारत...Times Now Summit 2026 में अमित शाह ने क्या-क्या कहा

Times Now Summit 2026: टाइम्स नाउ समिट 2026 में शुक्रवार को अमित शाह ने कहा कि 2029 में भी उन्ही की पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। अमित शाह ने मिडिल ईस्ट जंग पर बात करते हुए कहा कि हमारी विदेश नीति स्पष्ट है, हम किसी के साइड नहीं है।

Image

टाइम्स नाउ समिट में अमित शाह

Times Now Summit 2026: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टाइम्स नाउ समिट में देश की ऊर्जा सुरक्षा, चुनावी रणनीति, आंतरिक सुरक्षा और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत का जो विजन प्रधानमंत्री ने रखा था, वह अब 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक प्रतिबद्धता बन चुका है। ईंधन और सिलेंडर संकट को लेकर उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुनिया के कई देशों में कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन भारत में ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं हुई है। सरकार ने पिछले 10 वर्षों में ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने, रेलवे के बिजलीकरण और पेट्रोलियम आयात के स्रोतों में विविधता लाने जैसे कदम उठाए हैं, जिससे स्थिति नियंत्रण में है और जल्द सामान्य हो जाएगी।

ममता बनर्जी को अमित शाह ने घेरा

अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) से किसी भी अन्य राज्य को कोई दिक्कत नहीं है, सिर्फ़ उन्हें ही इससे समस्या है। शाह ने कहा- "ममता दीदी कोई सहानुभूति का वोट नहीं मिलेगा, इस बार आपका जाना निश्चित है आप समझकर चलिए। अगर SIR हमारे इशारे पर हो रहा है तो SIR को लेकर Tamil Nadu और Kerala से कोई शिकायत क्यों नहीं आई, वहां किसका शासन है? बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही जो वहां से इंडस्ट्रीज भाग गई हैं, रोजगार जो खत्म हो गया है, छोटे-मोटे व्यापार जो बंद हो गए हैं और जो रेवेन्यू लॉस हुआ है, वो धीरे धीर बढ़ेगी।"

SIR और घुसपैठियों पर टिप्पणी

अमित शाह ने कहा कि SIR प्रक्रिया से घुसपैठियों की पहचान होगी और उन्हें हटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में सबसे ज्यादा घुसपैठिए हैं, वहां वोटों में सबसे ज्यादा कटौती दिखेगी और इसमें कोई जादू नहीं है।

असम चुनाव और सुरक्षा स्थिति

अमित शाह ने कहा कि असम में पहले आतंकवाद और हिंसा की खबरें आम थीं, लेकिन अब कोई बड़ा आतंकी संगठन सक्रिय नहीं है। 13 हजार से अधिक उग्रवादियों ने आत्मसमर्पण किया है और मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा तीसरी बार 90 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी।

मिजोरम में पकड़े गए यूक्रेनी नागरिकों पर बयान

अमित शाह ने कहा कि छह यूक्रेनी नागरिकों को इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि वे भारतीय दस्तावेजों का इस्तेमाल कर म्यांमार में प्रवेश कर रहे थे और उनके पास आवश्यक परमिट नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे भारत की आंतरिक सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

केजरीवाल मामले पर टिप्पणी

अमित शाह ने कहा कि यह सत्र अदालत का फैसला है, जिसे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास मजबूत सबूत हैं और जब तक उच्चतम अदालत उन्हें दोषमुक्त नहीं करती, तब तक किसी को "कट्टर ईमानदार" का टैग नहीं दिया जाना चाहिए।

यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) पर रुख

अमित शाह ने साफ कहा कि देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करना सरकार की नीति है और इसे लागू किया जाएगा।

नक्सलवाद पर बयान

अमित शाह ने कहा कि 31 मार्च की समयसीमा किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि सभी सुरक्षा बलों की सामूहिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि जब विस्फोट बंद हो जाएंगे, तब देश स्वतः नक्सल मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म होने से रेड कॉरिडोर के आम लोगों के विकास का रास्ता खुलेगा।

महिला आरक्षण पर बयान

अमित शाह ने कहा कि सरकार चाहती है कि 2029 के चुनाव महिला आरक्षण के साथ कराए जाएं, लेकिन विपक्ष इस प्रक्रिया में देरी कर रहा है।

पंजाब में ड्रग्स समस्या पर बयान

उन्होंने कहा कि नशामुक्त पंजाब कोई चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है और सरकार इसके लिए प्रतिबद्ध है।

2029 चुनाव पर विश्वास

अमित शाह ने अंत में कहा कि भाजपा 2029 में भी सत्ता में वापसी करेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article