India Clarifies YouTubers Comments: मशहूर यूट्यूबर मेजर गौरव आर्य के एक कमेंट से ईरान इस कदर लाल हुआ कि ईरान में भारतीय दूतावास को इस पर सफाई देनी पड़ी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के बारे में ऑन एयर अपमानजनक टिप्पणी ने तेहरान और नई दिल्ली के बीच हल्के कूटनीतिक विवाद को जन्म दे दिया। यह कमेंट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया। विवाद के बाद तेहरान में भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया कि यह टिप्पणी एक निजी नागरिक द्वारा की गई है और भारत सरकार की आधिकारिक स्थिति को नहीं दर्शाती है।
एस जयशंकर के साथ ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची
अराघची की भारत यात्रा
अराघची 8 मई को आधिकारिक यात्रा पर भारत आए और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बैठकें की थी। ईरानी मंत्री की यात्रा का कार्यक्रम पहलगाम हमले से पहले ही तय था। कार्यक्रम के तहत वह भारत आने से पहले पाकिस्तान गए थे। उनके पहले पाकिस्तान पहुंचने की गौरव आर्य ने आलोचना की थी और उनकी ये टिप्पणी तुरंत ऑनलाइन पर वायरल हो गई।
नई दिल्ली में ईरानी दूतावास द्वारा एक्स पर सख्त प्रतिक्रिया जारी करने पर विवाद ने तूल पकड़ा। इसमें कहा गया- "मेहमानों का सम्मान ईरानी संस्कृति में एक लंबे समय से चली आ रही परंपरा है। हम ईरानी अपने मेहमानों को 'ईश्वर का प्रिय' मानते हैं। आप क्या सोचते हैं?
तेहरान में भारतीय दूतावास का बयान
इस कूटनीतिक हलचल के जवाब में तेहरान में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर गौरव आर्य की टिप्पणियों से सरकार को अलग कर लिया। दूतावास ने कहा- "ईरान में भारतीय दूतावास यह स्पष्ट करना चाहता है कि इस वीडियो में जो व्यक्ति है, उसकी टिप्पणियां भारत सरकार की आधिकारिक स्थिति को नहीं दर्शाती हैं, हम वीडियो में इस्तेमाल की गई अपमानजनक भाषा को अनुचित मानते हैं।"
