आतंकी संगठन जैश के द्वारा मारे गए वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार डेनियल पर्ल के पिता जूडिया पर्ल ने आतंकी शिविरों को नष्ट करने के लिए भारत को धन्यवाद दिया है। जूडिया पर्ल ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों को नष्ट करने के लिए भारत और भारतीय सशस्त्र बलों को धन्यवाद दिया। टाइम्स नाउ ग्रुप की एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार के साथ बातचीत में जूडिया पर्ल ने कहा कि वह आतंक पर कार्रवाई के लिए "भारत के बहुत आभारी हैं"।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत 7 मई को भारत की ओर से पाकिस्तान में किए गए एयरस्ट्राइक में बहावलपुर का हमला भी शामिल था, जहां आतंकी मौलाना मसूद अजहर द्वारा संचालित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय है। इसी आतंकवादी संगठन ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के पत्रकार डेनियल पर्ल की हत्या की थी। डेनियल पर्ल का 2002 में पाकिस्तान में सिर कलम कर दिया गया था।
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, भारत के ऑपरेशन सिंदूर के परिणामस्वरूप लगभग एक दर्जन हाई वैल्यू वाले आतंकवादियों (एचवीटी) मारे गए हैं। जिसमें अब्दुल रऊफ अजहर भी शामिल है, जो मसूद अजहर का भाई था। रऊफ जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेशनल हेड था और आईसी-814 अपहरण का मास्टरमाइंड था। आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में उसका खात्मा महत्वपूर्ण है, खासकर उमर सईद शेख की रिहाई में उसकी भूमिका को देखते हुए, जिसने 2002 में अमेरिकी-यहूदी पत्रकार डेनियल पर्ल का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी।
डेनियल पर्ल के पिता जूडिया पर्ल ने इस बातचीत के दौरान कहा कि पाकिस्तान देश में "आतंकवादी शिविरों को नियंत्रित करने या उनका प्रसार करने में असमर्थ और अनिच्छुक दोनों है।" उन्होंने कहा कि इजराइल संभवतः विश्व का एकमात्र देश है जो आतंकवाद की घटना पर कुछ हद तक नियंत्रण रखने में सक्षम रहा है।
