Delimitation Bill : परिसीमन विधेयक के खिलाफ अपनी रणनीति बनाने के लिए इंडिया ब्लॉक के नेता शनिवार को बैठक कर रहे हैं। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली आवास पर हो रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका, माकपा के ए रहीम, आरएसपी के एनके प्रेमचंद्रन, कपिल सिब्बल, आरजेडी के अभय कुशवाहा, मनोज झा, सपा के रामजी लाल सुमन, टीएमकी के अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ ब्रायन एवं आईयूएमएल के मोहम्मद बशीर सहित इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता खरगे के आवास पहुंचे हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया ब्लॉक की बैठक।
इस बार मजबूत स्थिति में दिख रही सरकार
इंडिया ब्लॉक परिसीमन विधेयक का विरोध कर रहा है। हालांकि, इंडिया ब्लॉक के कई दल इस विधेयक का समर्थन करने के संकेत दे चुके हैं। मौजूदा सियासी समीकरण और संसद में सरकार एवं विपक्ष के आंकड़ों को देखते हुए इस बार इस विधेयक के पारित होने की उम्मीद बढ़ गई है। आज की इस अहम बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक अपनी रणनीति और रुख का खुलासा कर सकता है।
कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने INDIA गठबंधन की बैठक पर कहा, 'आज बैठक है और बैठक में तय होगा कि क्या होगा या कैसे होगा। ये INDIA गठबंधन की बैठक है। इसमें हम आगे की रणनीति तय करेंगे। पिछली बार जो आंकड़े हमारे पास थे वो आंकड़े हैं। कुछ लोगों को डरा-धमका कर, ऑपरेशन लोटस के तहत ED-CBI का डर दिखाकर अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। अब कितने लोग उनसे डरेंगे ये देखना होगा।'
'येन-केन-प्रकारेण से बहुमत हासिल करना चाहती है सरकार'
बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे सपा सांसद रामजी लाल सुमने कहा कि अभी इंडिया गठबंधन की बैठक हो रही है। बैठक के बाद ही फिर आपको कुछ सार्थक रूप से बता पाएंगे, फिलहाल तो बैठक में जाने दीजिए। हमारी जानकारी यही है, बेशक संख्या बल उनके पास नहीं है। लेकिन सरकार येन-केन-प्रकारेण से बहुमत हासिल करना चाहती है।'
पूरी ताकत से विधेयक का विरोध करेंगे-खेड़ा
वहीं बैठक में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि इस मुद्दे पर बैठक में चर्चा करेंगे और उसके बाद अपना रुख स्पष्ट करेंगे। खेड़ा ने आगे कहा कि गठबंधन पूरी ताकत के साथ इस विधेयक का विरोध करेगा। आज की बैठक के बाद रणनीति पर मीडिया से चर्चा की जाएगी। इस तरह के बयान कई लोगों के मन में जरूर आ रहे हैं कि जो प्रतिनिधित्व होना चाहिए और प्रतिनिधित्व में जो न्याय होना चाहिए, इंसाफ होना चाहिए वो लोगों को लगता है कि वो नहीं हो पा रहा है। परिसीमन बिल पर RSP सांसद एनके प्रेमचंद्रन ने कहा कि हम सभी DMK के साथ एकजुटता से खड़े थे, लेकिन अब उसने अपना रुख बदल लिया है, जो बेहद निराशाजनक है। उन्हें अभी भी संख्या बल को लेकर भरोसा है, जब तक
मनमाने बदलाव करना चाहती है BJP-सिब्बल
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने आरोप लगाते हुए कहा कि BJP अगले 40 साल तक सत्ता में बने रहने के उद्देश्य से चुनावी क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाने बदलाव करना चाहती है। यदि दूसरी पार्टियां भी यही चाहती हैं और भारत को 'हिंदू राष्ट्र' बनाना चाहती हैं, तो वे इस बिल का समर्थन कर सकती हैं।
