देश

Bihar Elections: महागठबंधन की बैठक में तेजस्वी के चेहरे पर बनी बात? सभी सीटों पर साथ लड़ेंगे चुनाव

Bihar Assembly Elections: बिहार की राजधानी पटना में रविवार को बादल छाए रहे, लेकिन महागठबंधन दलों के बीच मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर छाए भ्रम के बादल समाप्त हो गए। राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि इंडी गठबंधन बरकरार है। हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे... महागठबंधन 'महामजबूत' है। बिहार की जनता महागठबंधन सरकार का इंतजार कर रही है। तेजस्वी यादव निश्चित रूप से CM चेहरा हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है...

Image

पटना में आयोजित हुई महागठबंधन की तीसरी बैठक (फोटो साभार: @RJDforIndia)

Photo : Twitter

Bihar Assembly Elections: बिहार की राजधानी पटना में रविवार को बादल छाए रहे, लेकिन महागठबंधन दलों के बीच मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर छाए भ्रम के बादल समाप्त हो गए। कहा जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं ने राजद नेता तेजस्वी यादव के नाम पर मुहर लगा दी है। इसके संकेत बैठक में शामिल भाकपा (माले), राजद नेताओं के बयानों से मिल रहे हैं।

तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में रविवार को महागठबंधन के सभी छह घटक दलों के नेताओं की बैठक हुई। यह महागठबंधन की तीसरी बैठक है। इससे पहले महागठबंधन की पहली बैठक बीते 17 अप्रैल को पटना स्थित राजद कार्यालय में हुई थी, उसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में 24 अप्रैल को दूसरी बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई थी। हालांकि, अभी तक औपचारिक तौर पर मुख्यमंत्री के उम्मीदवार को लेकर किसी भी नाम का ऐलान नहीं हुआ है।

महागठबंधन का CM चेहरा तय!

महागठबंधन की बैठक पर भाकपा (माले) नेता महबूब आलम ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कहा कि यह एक संवाद बैठक थी। सभी पार्टियों के बड़े नेताओं को यहां (पटना) बुलाया गया था। पार्टियों के बीच समन्वय की कोशिश की गई... समन्वय की कोई समस्या नहीं है। बैठक तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में हुई। अगर चुनाव के बाद राजद सबसे बड़ी पार्टी बनती है तो निश्चित तौर पर तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के उम्मीदबार हैं।

'सभी सीटों पर चुनाव लड़ रहा इंडी गठबंधन'

राजद सांसद मनोज झा ने बैठक के बाद बताया कि इंडी गठबंधन के सभी सहयोगियों ने बैठक की और इसका मुख्य उद्देश्य बेहतर समन्वय के साथ संवाद पर काम करना था। बिहार में बदलाव को सही दिशा देने के लिए हमें दृष्टिकोण को जमीन पर उतारने की जरूरत है। कई लोगों ने सुझाव दिया कि इस तरह की बैठकें जिला स्तर, ब्लॉक स्तर और यहां तक कि पंचायत स्तर पर भी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने 243 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है और इंडी गठबंधन हर सीट पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव चिह्न अलग-अलग हो सकता है, लेकिन अंतत: पूरा गठबंधन एक साथ चुनाव लड़ रहा है।

राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि इंडी गठबंधन बरकरार है। हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे... महागठबंधन 'महामजबूत' है। बिहार की जनता महागठबंधन सरकार का इंतजार कर रही है। तेजस्वी यादव निश्चित रूप से CM चेहरा हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है...

बूथ स्तर पर भी आयोजित होंगे कार्यक्रम

राजद सांसद सुधाकर सिंह ने भी तेजस्वी यादव को महागठबंधन दलों का नेता बताया। उन्होंने कहा कि आज की बैठक का विषय महागठबंधन के सभी कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर संवाद स्थापित करना था। जैसे आज का कार्यक्रम पटना में हुआ वैसे ही बूथ और पंचायत स्तर पर और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे... 2015 चुनाव से ही हमारे नेता तेजस्वी यादव रहे हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है...

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article