Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस में आयोजित होने वाले विक्ट्री डे परेड को लेकर एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने बयान में साफ कर दिया कि मॉस्को में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में शामिल होने वाले वैश्विक नेताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी कीव की नहीं है। जेलेंस्की के इस बयान को लेकर घमासान मच सकता है। हालांकि, रूस में 9 मई को आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम का न्योता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मिला था, लेकिन उनका रूस दौरा रद्द हो गया है।
जेलेंस्की ने क्या कुछ कहा?
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि अगले सप्ताह आयोजित होने वाले द्वितीय विश्व युद्ध के भव्य स्मरणोत्सव के लिए रूस आने वाले वैश्विक नेताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी मॉस्को की है। उन्होंने कहा, ''हमारा रुख उन सभी देशों के प्रति बहुत स्पष्ट है, जो 9 मई को रूस की यात्रा कर रहे है, हम रूसी क्षेत्र में जो कुछ भी हो रहा है उसकी जिम्मेदारी नहीं ले सकते हैं। वे (रूस) आपकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
रूस ने 170 यूक्रेनी ड्रोन का नामोनिशान मिटाया
रूस ने शनिवार को दावा किया कि उसने क्रीमिया और यूक्रेन की सीमा से लगते उसके इलाकों को निशाना बनाकर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात किए गए हमले पर जवाबी कार्रवाई की और 170 ड्रोन तथा 10 से अधिक मिसाइलों को मार गिराया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने टेलीग्राम चैनल पर जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि स्थानीय समायानुसार शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार सुबह पांच बजे के बीच रूसी वायु रक्षा इकाइयों ने क्रीमिया के ऊपर 96, क्रास्नोडार क्षेत्र में 47, रोस्तोव के ऊपर नौ, तथा मॉस्को के दक्षिण-पश्चिम में ब्रायंस्क और कुर्स्क क्षेत्रों में आठ-आठ स्थिर डैने वाले ड्रोन मार गिराए।
