Delhi NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बीते कुछ दिनों से तपती गर्मी से राहत मिली है। बुधवार सुबह से चलने वाली तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। मौसम विभाग ने भी अच्छी खबर दी है। विभाग ने 19 और 20 अप्रैल को दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। मंगलवार को भी मौसम विभाग ने राजधानी में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आमतौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद जताई थी। बावजूद इसके मौसम के गर्म रहने के चलते तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली मौसम विभाग ने बुधवार को हरियाणा के कुरक्षेत्र, यमुनानगर, कैथल में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान जताया है।
दिल्ली में बारिश होने का अनुमान है।
इन राज्यों में भी हो सकती है बारिश
दिल्ली और एनसीआर के अलावा इस दौरान पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। जबकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में भारी बारिश होने का अनुमान है। रविवार शाम को दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली एवं मध्य दिल्ली में हल्की बारिश हुई। इसके बाद मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले चार दिनों के भीतर हल्की से हल्की बारिश होने का अनुमान जताया।
18/04/2023: 17:20 IST; Light to moderate intensity rain would occur over and adjoining areas of isolated places of… t.co/VPeBUYaIXz
— ANI (@ANI) Apr 18, 2023
दिल्ली में 40 से ऊपर दर्ज किया गया पारा
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान औसत से तीन डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि निम्नतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा और आद्रता 21 से 57 प्रतिशत के बीच रही।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। अधिकारियों के मुताबिक, नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास माछिल में करीब तीन इंच बर्फबारी दर्ज की गई। अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर शहर सहित मैदानी इलाकों में रात भर बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने मंगलवार शाम तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।
ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में बुधवार को कई स्थानों पर रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इस बारिश के दौरान, 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ने और केंद्र शासित प्रदेश में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी संभव है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
