देश

मैंने सपने में देखा है कि राष्ट्रपति भवन के नीचे शिवलिंग है- कांग्रेस नेता का दावा, संभल मामले पर भड़के

मुगल कालीन जामा मस्जिद का सर्वेक्षण करने के अदालत के आदेश के बाद 19 नवंबर से ही इस मामले पर सभी की नजर रही है। दूसरा सर्वेक्षण 24 नवंबर को किया गया और इस दौरान हिंसा भड़क गई जिसमें चार व्यक्तियों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए।

Image

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी

Photo : PTI

संभल शाही जामा मस्जिद विवाद को लेकर देश में चर्चाओं का दौर जारी है। इसी बीच कांग्रेस के नेता ने इससे जुड़े सवाल के जवाब में कहा है कि उनको सपना आया है कि राष्ट्रपति भवन के नीचे शिवलिंग है, सरकार को इस जगह पर खुदाई करनी चाहिए।

यूपी सरकार पर बोला हमला

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने जब पूछा गया कि संभल की शाही जामा मस्जिद में हुए सर्वे की रिपोर्ट उप न्यायालय में पेश की गई है, दावा किया गया है कि पहले वहां हरिहर मंदिर था, तो इस बारे में आप क्या कहेंगे? इस पर कांग्रेस नेता ने यूपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया है कि सारे सर्वे बंद कर दिए जाएं। कोई भी अदालत तब तक निर्णय नहीं लेती जब तक सुप्रीम कोर्ट पूजा अधिनियम में अपना अंतिम निर्णय नहीं दे देता। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार इसे बढ़ावा देती है और जिस तरह से संभल में हुआ, उस पर न्यायपालिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

राशिद अल्वी का आया सपना

आगे उन्होंने लाल किले के नीचे शिवलिंग का दावा करते हुए कहा कि अगर इस देश के अंदर मस्जिद और मंदिर का झगड़ा चलता रहा तो देश कभी आगे नहीं बढ़ पाएगा और ये मैं पहले भी कह चुका हूं। यदि आप शिवलिंग की खोज करना चाहते हैं तो मैंने सपने में देखा है कि राष्ट्रपति भवन के नीचे और लाल किले के नीचे भी एक शिवलिंग है। सरकार को दोनों जगह खुदाई करानी चाहिए।

संभल मस्जिद की सर्वे रिपोर्ट कोर्ट में पेश

संभल जामा मस्जिद के जुड़े मामले में ‘कोर्ट कमिश्नर’ ने बृहस्पतिवार को एक विस्तृत सर्वेक्षण रिपोर्ट चंदौसी की अदालत में दाखिल की। इस रिपोर्ट में सभी कोण से वीडियोग्राफी शामिल है तथा यह सर्वेक्षण 19 और 24 नवंबर को किया गया था। ‘कोर्ट कमिश्नर’ रमेश सिंह राघव ने रिपोर्ट दाखिल करने के बाद संवाददाताओं को बताया कि यह सर्वेक्षण संभल की शाही जामा मस्जिद का है जो कानूनी विवादों का केंद्र रहा है। इस मस्जिद को हरिहर मंदिर होने का दावा किया गया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article