देश

Bullet Train: निजामों के शहर से आईटी हब तक...जल्द 4 राज्यों में चलने वाली है बुलेट ट्रेन? डायरेक्ट कनेक्ट होंगी राजधानियां

मुंबई-अहमदाबाद के बाद दक्षिण भारत के राज्यों में भी जल्द बुलेट ट्रेन को उतारने के संकेत मिले हैं। आंध्र प्रदेश के सीएम ने कहा कि हैदराबाद, अमरावती, चेन्नई और बेंगलुरु की जरूरतों को पूरा करने के लिए जल्द ही बुलेट ट्रेन कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

Image

दक्षिण भारत में बुलेट ट्रेन का प्लान

Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का कार्य अपनी अंतिम दिशा की ओर है। अधिकतर स्टेशन कंपलीट होने की कगार पर हैं। रेल मंत्रालय के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गुजरात में मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन स्टेशनों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इस रूट पर साल 2026 या 27 में हाईस्पीड ट्रेन चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 2 अन्य परियोजनाएं भी प्रस्तावित हैं, जिनमें हावड़ा वाया बिहार टू दिल्ली और इधर दिल्ली से अमृतसर शामिल है। इसी बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिण भारत में भी जल्द बुलेट ट्रेन दौड़ेगी और यह हैदराबाद, अमरावती, चेन्नई और बेंगलुरु की जरूरतों को पूरा करेगी। भविष्य में इन परियोजनाओं के शुरू होने से कम समय में लंबी दूरी के सफय तय होंगे, जिससे लोगों का समय बचेगा।

हैदराबाद-बेंगलुरु बुलेट ट्रेन

आंध्र प्रदेश के सीएम ने कहा कि बुलेट ट्रेन सेवा उपरोक्त हैदराबाद, अमरावती, चेन्नई और बेंगलुरु शहरों की पांच करोड़ से अधिक आबादी को सेवा प्रदान करेगी। नायडू ने कहा, ‘‘बहुत जल्द बुलेट ट्रेन दक्षिण भारत में आने वाली है। यह होने जा रहा है। सर्वेक्षण के आदेश दे दिए गए हैं। यह योजना हैदराबाद, चेन्नई, अमरावती और बेंगलुरु—इन सभी चार शहरों से जुड़ी है। इन शहरों की कुल आबादी पांच करोड़ से ज्यादा है और यह दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुलेट ट्रेन के अलावा, दक्षिणी राज्य अपनी सड़क व्यवस्था को भी बड़े स्तर पर विकसित करने जा रहा है, जिसमें दूर-दराज की सड़कों का भी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार उत्कृष्ट रखरखाव शामिल होगा।

मुंबई-हैदराबाद बुलेट ट्रेन

सरकार महत्वाकांक्षी मुंबई-हैदराबाद हाई-स्पीड रेल (MHHSR) परियोजना को विकसित करेगी। कुल 767 किलोमीटर की दूरी तय करने वाला यह कॉरिडोर महाराष्ट्र और तेलंगाना को सीधे तौर पर कनेक्ट करेगा। इसके लिए 11 स्टेशनों बनाए जाएंगे, जो मुंबई, पुणे और हैदराबाद को जोड़ेगा। इस बुलेट ट्रेन की लंबाई 767 किलोमीटर की होगी, जिसके लिए एलिवेटेड, अंडरग्राउंड और एट-ग्रेड ट्रैक बनाए जाएंगे। हालांकि, अभी इस परियोजना का कार्य आगे नहीं बढ़ा है। आने वाले समय में ब्लू प्रिंट के आधार पर आगे के कार्य शुरू होंगे।

मुंबई-हैदराबाद बुलेट ट्रेन के स्टेशन

  • बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (मुंबई)
  • नवी मुंबई
  • लोनावाला
  • पुणे
  • कुरकुम्ब/दौंड
  • अकलुज
  • पंढरपुर
  • सोलापुर
  • कलबुर्गी (गुलबर्गा)
  • ज़हीराबाद
  • हैदराबाद

मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र और दादरा और नगर हवेली होते हुए अहमदाबाद की ओर जाएगी। साल 2026 तक दक्षिण गुजरात के सूरत और बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन का पहला चरण शुरू कर दिया जाएगा। इसके बन जाने से मुंबई से अहमदाबाद की दूरी महज 127 मिनट में कवर होगी। मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 12 स्टेशन हैं, जिनमें मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद, साबरमती शामिल हैं।

बिहार में कहां से गुजरेगी बुलेट ट्रेन?

बिहार के बक्सर, आरा, पटना और गया में बुलेट ट्रेन के स्टॉपेज होंगे। उधर, दिल्ली से शुरू होकर ये ट्रेन मेरठ, अलीगढ़, आगरा, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज , पटना, गया से गुजरते हुए हावड़ा तक पहुंचेगी। इसके निर्माण से 350 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हावड़ा से दिल्ली की दूरी महज 5 घंटे में पूरी होगी। ट्रैक का निर्माण साल 2026 से शुरू करने का प्लान है। उम्मीद है कि साल 2030 तक इस हाईस्पीट ट्रेन को लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। यानी 2030 तक बिहार और यूपीवासियों का बुलेट ट्रेन का सपना साकार होने वाला है।

दिल्ली-अमृतसर बुलेट प्रोजेक्ट

दिल्ली-अमृतसर बुलेट ट्रेन 465 किलोमीटर की प्रस्तावित हाई स्पीड रेल लाइन है, जो दिल्ली, चंडीगढ़ और अमृतसर को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के 13 स्टेशनों से होकर गुजरेगी। हालांकि इस परियोजना की लागत तय नहीं हुई है। NHSRCL के मुताबिक, इस परियोजना के लिए सर्वेक्षण का काम पूरा हो चुका है। जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स परियोजना का निर्माण 2025 में शुरू होने की संभावना है। दिल्ली से अमृतसर तक की दूरी 475 किलोमीटर है। इस रूट पर कुल 10 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें दिल्ली, सोनीपत, पानीपत, करनाल, अंबाला, चंडीगढ़, लुधियाना, जालंधर, ब्यास और अमृतसर शामिल हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article