Saif Ali Khan Knife Attack: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर हुए हमले को लेकर हर कोई हैरान है। बीती रात को एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के बेटे जहांगीर के कमरे में रात दो बजे दाखिल हुआ और फिर सैफ अली खान पर चाकू से हमला कर दिया। मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की छानबीन में जुटी हुई है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिरकार हमलवार 'सतगुरु शरण' अपार्टमेंट में दाखिल कैसे हुआ और 12वीं मंजिल पर मौजूद सैफ अली खान के आवास के भीतर कैसे घुसा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सैफ अली खान के आवास पर बुधवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति चोरी के इरादे से दाखिल हुआ, लेकिन उसने सैफ अली खान पर छह बार घारदार हथियार से हमला किया।
100 CCTV फुटेज
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में सैफ अली खान के आवास पर दो घंटे के भीतर घुसते हुए कोई नहीं दिखा। सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि आखिरकार इमारत में 100 सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद 12वीं मंजिल पर कैसे हमलावर घुस गया और तो और सैफ अली खान पर हमला करने के बाद कहां से भागा?
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीसीटीवी में दो घंटे के भीतर कोई भी दिखाई नहीं दिया है। पुलिस को शक है कि हमलावर पहले से ही घर में मौजूद था। दरअसल, 12 बजे से लेकर दो बजे रात तक का सीसीटीवी फुटेज देखा गया जिसमें कोई भी नहीं दिखाई दिया।
क्राइम ब्रांच जांच में जुटी
सैफ अली खान के ब्रांदा स्थित आवास 'सतगुरु शरण' अपार्टमेंट की 12वीं मंजिल पर है, पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर इमारत के अंदर कैसे दाखिल हुआ और सबसे बड़ी बात की सैफ अली खान के घर के भीतर कैसे पहुंचा? क्या किसी अंदरूनी व्यक्ति ने उसे अंदर जाने में मदद की थी... जांच जारी है।
यह भी पढ़ें: सैफ अली खान पर हमला, लीलावती अस्पताल में भर्ती
कब और कैसे दाखिल हुआ हमलावर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सैफ अली खान के बेटे जहांगीर के कमरे में रात दो बजे एक व्यक्ति घुस आया और उनकी हाउसकीपर अरियामा फिलिप्स उर्फ लीमा को एक अज्ञात व्यक्ति ने पकड़ा लिया तो वह चिल्लाने लगी। जब अभिनेता आगे आए तो उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। इस हमले में सैफ अली खान और उनकी हाउसकीपर लीमा दोनों ही घायल हो गए।
