देश

बांग्लादेश में कितने हिंदुओं पर हमले हुए? मोदी सरकार ने पेश कर दिया आकंड़ा, पाकिस्तान का भी बताया हाल

बांग्लादेश और पाकिस्तान के अलावा और किसी भी भारत के पड़ोसी देश में हिंदुओं पर हमले नहीं हुए हैं। बांग्लादेश में इस साल हिंदुओं पर हमलों में तेजी देखने को मिली है।

Image

बांग्लादेश में दर्जनों हिंदू परिवारों पर हमला

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश में कितने हिंदुओं पर हमले
  • मोदी सरकार ने दिया लोकसभा में आंकड़ा
  • पाकिस्तान में भी हिंदुओं पर हमले बढ़े

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार की कई खबरें आ चुकी हैं। इसे लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों में तनाव भी है, अब मोदी सरकार ने वो आकंड़ा पेश कर दिया है, जिसमें बताया गया है कि बांग्लादेश में कितने हिंदुओं पर हमला हुआ है। इसके साथ ही इसमें यह भी बताया गया है कि पाकिस्तान में कितने हिंदुओं पर हमला हुआ है।

बांग्लादेश में कितने हिंदुओं पर हमला

सरकार ने शुक्रवार को कहा कि बांग्लादेश में इस साल आठ दिसंबर तक हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के कुल 2,200 मामले सामने आए हैं और भारत को उम्मीद है कि ढाका उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अल्पसंख्यक और मानवाधिकार संगठनों के आंकड़ों का हवाला देते हुए लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

पाकिस्तान में कितने हिंदुओं पर हमले

सिंह ने बताया कि पाकिस्तान में इस साल अक्टूबर तक हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के मामलों की संख्या 112 थी। मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने पाकिस्तान से धार्मिक असहिष्णुता, सांप्रदायिक हिंसा, प्रणालीगत उत्पीड़न और अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों को रोकने के लिए कदम उठाने और उनकी सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि भारत उचित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की दुर्दशा को उजागर करता रहता है।

पाकिस्तान-बांग्लादेश के अलावा और कहां-कहां हमला

साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, बांग्लादेश में वर्ष 2022 में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की 47 घटनाएं दर्ज की गईं, 2023 में 302 और 2024 में (8 दिसंबर, 2024 तक) बढ़कर 2,200 हो गईं। आंकड़ों के मुताबिक, पाकिस्तान में 2022 में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार के 241 मामले, 2023 में 103 और 2024 में (अक्टूबर तक) 112 मामले दर्ज किए गए। सरकार ने यह भी नोट किया कि बांग्लादेश और पाकिस्तान के अलावा किसी भी पड़ोसी देश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article