रूस पढ़ाई के लिए स्टूडेंट वीजा पर गया एक भारतीय युवक कथित तौर पर रूसी सेना में भर्ती हो गया। पिछले करीब चार महीने से परिवार का उससे कोई संपर्क नहीं है और उसके ठिकाने को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 23 नवंबर को सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार के संबंधित विभागों को नोटिस जारी किया। कोर्ट ने सॉलिसिटर जनरल से मानवीय आधार पर मामले में हस्तक्षेप करने और इस संबंध में निर्देश लेकर आने का अनुरोध भी किया है।
सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो)
यह याचिका तमिलनाडु के रहने वाले पी. सेतुराज ने अपने बेटे अबिनेश कुमार एस की सुरक्षा और उसके ठिकाने का पता लगाने के लिए दाखिल की है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने मामले में नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड संदीप कुमार सेन और एडवोकेट आकांक्षा सिंह सुप्रीम कोर्ट में पेश हुईं। केंद्र सरकार की ओर से एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड जीएस मक्कर ने नोटिस स्वीकार किया। कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 18 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।
स्टूडेंट वीजा पर रूस गया था अबिनेश
याचिका के मुताबिक, अबिनेश कुमार एस 13 अप्रैल 2026 को तीन अन्य छात्रों के साथ स्टूडेंट वीजा पर रूस गया था। परिवार का आरोप है कि वह इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए एक एजेंट के माध्यम से वहां नौकरी के सिलसिले में गया था। रूस पहुंचने के बाद अबिनेश और उसके साथ गए अन्य लोगों से परिवार का संपर्क टूट गया। याचिका में कहा गया है कि परिवार ने लगातार बेटे से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन 19 जुलाई 2026 के बाद उससे कोई सीधी बातचीत नहीं हो पाई। बेटे की सुरक्षा और उसके ठिकाने को लेकर चिंतित परिवार ने केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया।
भारतीय दूतावास ने परिवार को क्या बताया?
याचिका में विदेश मंत्रालय और रूस में भारतीय दूतावास से मिले जवाब का भी उल्लेख किया गया है। परिवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, भारतीय दूतावास ने रूसी रक्षा मंत्रालय के समक्ष यह मामला उठाया था और अबिनेश को रूसी सेना से मुक्त करने का अनुरोध किया था। दूतावास की ओर से परिवार को बताया गया कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार अबिनेश रूसी नागरिक के तौर पर रूसी सेना में शामिल हुआ है और उसके पास रूसी पासपोर्ट भी है। दूतावास के मुताबिक, उसने अपनी भारतीय नागरिकता स्वेच्छा से छोड़ी थी। याचिका में विदेश मंत्रालय के 15 सितंबर 2026 के जवाब का भी जिक्र है, जिसमें बताया गया कि रूसी पक्ष ने उसे रूसी नागरिक बताते हुए सेना से रिहा करने से इनकार कर दिया था।
परिवार को जबरन भर्ती किए जाने की आशंका
पिता ने याचिका में आशंका जताई है कि उनके बेटे को रूस में गुमराह किया गया या उस पर दबाव डालकर रूसी सेना में शामिल कराया गया। याचिका के मुताबिक, परिवार को मिले कुछ दस्तावेजों और ईमेल से पता चला कि अबिनेश के पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेज अपने कब्जे में रखे गए थे और उसकी आवाजाही की स्वतंत्रता सीमित कर दी गई थी। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि अबिनेश से ऐसी भाषा में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए, जिसे वह समझ नहीं सकता था। परिवार को आशंका है कि उसे रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़े सक्रिय संघर्ष क्षेत्र के आसपास तैनात किया गया हो सकता है। हालांकि, ये सभी बातें याचिकाकर्ता और परिवार की ओर से जताई गई आशंकाएं और दावे हैं।
सुप्रीम कोर्ट से क्या मांग की गई?
पी. सेतुराज ने संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। याचिका में केंद्र सरकार और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की गई है कि वे अबिनेश का पता लगाएं, उसकी सुरक्षा और मौजूदा स्थिति की जानकारी हासिल करें और परिवार से उसका संपर्क स्थापित कराने के लिए राजनयिक और कांसुलर स्तर पर जरूरी कदम उठाएं। याचिका में यह भी अनुरोध किया गया है कि अगर जरूरी हो तो अबिनेश को सुरक्षित निकालने, वहां से बाहर लाने और भारत वापस लाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। पिता का कहना है कि विदेश में गंभीर खतरे का सामना कर रहे भारतीय नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भारत सरकार की है।
