देश

दो दर्जन से ज्यादा सीटों पर सस्पेंस, महायुति-MVA नहीं उतार पाए उम्मीदवार, नामांकन का आज अंतिम दिन

Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा हो रही है और नामांकन भी दाखिल हो रहे हैं। मंगलवार यानी 29 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है लेकिन नौ सीटें ऐसी हैं जिन पर सत्तारूढ़ महायुति अभी फैसला नहीं कर पाया है।

Image

महाराष्ट्र में 23 नवंबर को आएंगे चुनाव नतीजे।

KEY HIGHLIGHTS
  • महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटों के लिए 20 नवंबर को डाले जाएंगे वोट
  • चुनाव नतीजे 23 नवंबर को आएंगे, मुकाबला महायुति और एमवीए के बीच
  • नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन 29 अक्टूबर है, कई सीटों पर फंसा पेच

Maharashtra Assembly Election 2024: महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए ज्यादातर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। नामांकन भी दाखिल हो रहे हैं। मंगलवार यानी 29 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है लेकिन नौ सीटें ऐसी हैं जिन पर सत्तारूढ़ महायुति अभी फैसला नहीं कर पाया है। विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी (MVA) में शामिल दल कितने सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, यह तस्वीर भी पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई है। ऐसी 16 सीटें बची हुई हैं जिन पर एमवीए उम्मीदवार नहीं उतार पाया है। अखिलेश यादव की पार्टी सपा कितने सीटों पर चुनाव लड़ेगी, यह भी साफ नहीं हो पाया है।

अब तक 272 सीटों पर ही उम्मीदवार उतार पाया MVA

भाजपा ने शुरुआत में कहा था कि वह 150 सीटों पर चुनाव लड़ेगी लेकिन उसने 146 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार उतारे। भाजपा ने चार सीटें अपने छोटे सहयोगी दलों को दी हैं। ये दल हैं युवा स्वाभिमान पार्टी, राष्ट्रीय समाज पक्ष, रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) और जन स्वराज्य शक्ति पक्ष। सीएम एकनाथ शिंदे के गुटवाली शिवसेना अब तक 80 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। अजित पवार वाली राकांपा को 58 सीटें मिली हैं और उन्होंने 49 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। एमवीए की अगर बात करें तो कांग्रेस ने अब तक 103 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उद्धव ठाकरे वाली शिवसेना ने 87 और शरद पवार वाली राकांपा ने 82 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इस तरह से एमवीए अब तक 288 में से 272 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।

मुंबादेवी सीट से शाइना एनसी मैदान में

शिंदे गुट वाली शिवसेना ने सोमवार रात 15 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रवक्ता शाइना एनसी का नाम भी शामिल है। शिवसेना प्रमुख एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवीनतम सूची की घोषणा की, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रावसाहेब दानवे की बेटी संजना जाधव का नाम भी है। शाइना मुंबई की मुंबादेवी सीट से चुनाव लड़ेंगी, जहां उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस विधायक अमीन पटेल हैं। जाधव औरंगाबाद जिले के कन्नड़ (छत्रपति संभाजीनगर जिला) से चुनाव लड़ेंगी। इस सीट का प्रतिनिधित्व पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना के उदयसिंह राजपूत कर रहे हैं। मतदान 20 नवंबर को होगा और मतों की गिनती तीन दिन बाद होगी।

हातकणंगले से मैदान में माने

पंद्रह में से दो सीट भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के क्षेत्रीय सहयोगियों- जनसुराज्य पक्ष और राजर्षि शाहू विकास आघाडी को दी गईं। जनसुराज्य पक्ष ने अपने सदस्य अशोकराव माने को हातकणंगले से मैदान में उतारा है, जबकि राजर्षि शाहू विकास आघाडी ने शिरोल से राजेंद्र पाटिल येद्रवकर को टिकट दिया है। दोनों सीट कोल्हापुर जिले में हैं। शिवसेना ने नामांकन बंद होने से एक दिन पहले तीसरी सूची जारी की। शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी सत्तारूढ़ महायुति का एक घटक है जिसमें भाजपा और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा भी शामिल है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें