Himani Narwal Murder Case : हिमानी नरवाला हत्याकांड में पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। रोहतक पुलिस आज प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाली है। इस बीच, हिमानी की मां सविता ने कहा है कि उनकी बेटी की हत्या करने वाला कोई उसका करीबी और जानने वाला हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह कॉलेज का कोई दोस्त, कोई रिश्तेदार या पार्टी का कोई व्यक्ति हो सकता है। सविता ने कहा कि उनकी बेटी गलत बात बर्दाश्त नहीं करती थी, उसका विरोध करती थी। चाहे वह कोई भी है। हो सकता है कि किसी ने उसके साथ कुछ गलत करने की कोशिश की हो जिसका उसने विरोध किया होग। इस विरोध की वजह उसकी हत्या की गई होगी।
हिमानी नरवाल हत्याकांड में एक गिरफ्तारी हुई है।
भाई ने कहा-आज होगा हिमानी का अंतिम संस्कार
पीड़िता की मां ने अपनी बेटी के हत्यारे को फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से अभी तक किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया है। वहीं, संदिग्ध की गिरफ्तारी पर हिमानी के चाचा रविंद्र ने कहा कि 'आरोपी चाहे जो भी हो, हम बस न्याय चाहते हैं। आरोपी की पहचान जाहिर होने के बाद ही हम अपनी बेटी का अंतिम संस्कार करेंगे। पुलिस से हमारा कोई संपर्क नहीं हुआ है।' हिमानी के भाई जति ने कहा कि चूंकि, आज एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। आज हम उसका अंतिम संस्कार करेंगे। मीडिया में तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। हम न्याय लेकर रहेंगे। हमें अभी यह पता नहीं है कि आरोपी कौन है। पुलिस ने हमें कोई जानकारी नहीं दी है। हम चाहते हैं कि आरोपी को मौत की सजा हो।
हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘हमने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।’ नरवाल के परिजनों ने उनके शव का अंतिम संस्कार करने से रविवार को इनकार करते हुए कहा था कि जब तक उनके हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। नरवाल (20) रोहतक के विजय नगर में रहती थीं। कांग्रेस की हरियाणा इकाई के नेताओं ने नरवाल को एक सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता बताया। उन्होंने राहुल गांधी की अगुवाई वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में भी हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि नरवाल कानून की पढ़ाई कर रही थीं और पिछले करीब एक दशक से पार्टी से जुड़ी हुई थीं।
तेजी से उभरने की वजह से कुछ लोग ईर्ष्या करते थे-मां
सविता ने रविवार को रोहतक में पत्रकारों के साथ बातचीत में आरोप लगाया था कि कांग्रेस के कुछ नेता नरवाल के कम समय में राजनीतिक रूप से उभरने के कारण उनसे ईर्ष्या करते थे। उनके साथ उनका बेटा जतिन भी था। सविता ने कहा था, ‘यह पार्टी में कोई भी व्यक्ति हो सकता है जो उनके (नरवाल के) आगे बढ़ने से ईर्ष्या करता हो या कोई और भी हो सकता है।’ मृतका की मां ने कहा था, ‘आखिरी बार मेरी 27 फरवरी को नरवाल से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि वह एक पार्टी कार्यक्रम में व्यस्त रहेंगी, लेकिन बाद में उनका फोन बंद आने लगा।’ सविता ने कहा, ‘जब तक मेरी बेटी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।’
बहुत अच्छी और सक्रिय’ कार्यकर्ता थीं-बत्रा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को कहा था कि उन्होंने हिमानी नरवाल हत्याकांड के संबंध में रोहतक के पुलिस अधीक्षक से बात की है।
उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार को पीड़ित परिवार के लिए शीघ्र न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। कांग्रेस नेता और रोहतक से पार्टी विधायक बी. बी बत्रा ने कहा था कि नरवाल पार्टी की ‘बहुत अच्छी और सक्रिय’ कार्यकर्ता थीं जो विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेती थीं। बत्रा ने कहा था, ‘जिन लोगों ने अपराध किया है उन्हें कड़ी सजा मिलनी चाहिए।’
