Heavy shelling by Pak troops: पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर अग्रिम गांवों पर भारी मोर्टार से गोलाबारी की, जबकि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले में पाकिस्तानी गोलाबारी की चपेट में आने से एक महिला और उसकी बेटी घायल हो गईं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
पाकिस्तानी गोलाबारी के कारण लोगों को भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी
उन्होंने बताया कि भारतीय हमलों के तुरंत बाद पुंछ के कृष्णा घाटी, शाहपुर और मनकोट, जम्मू क्षेत्र के राजौरी जिले के लाम, मंजाकोट और गंभीर ब्राह्मणा तथा उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करनाह इलाके से सीमा पार से भारी गोलाबारी की खबर मिली।
ये भी पढ़ें- Operation Sindoor Video: अचानक धमाका और फिर...पाकिस्तान पर एयरस्ट्राइक का वीडियो आया सामने
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद बढ़े तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर में सीमा पर बिना उकसावे के गोलीबारी की यह लगातार 13वीं रात थी। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इस भीषण नरसंहार का बदला लेने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर Air Strike की, जिसमें बहावलपुर भी शामिल है जो जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का एक प्रमुख अड्डा है।
भारतीय सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय ने एक्स पर लिखा, 'पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भीमबेर गली में गोलाबारी करके एक बार फिर संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया है। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।'
भारत और पाकिस्तान द्वारा 25 फरवरी, 2021 को संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत करने के बाद से नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा (IB) पर संघर्ष विराम उल्लंघन बहुत दुर्लभ हो गया है।
