Heat Wave: दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड रही है। दिल्ली में आज तेज गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में भी तापमान कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ रहा है। जम्मू के कठुआ में तापमान 48.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार कठुआ के पिछले 40 वर्षों के ज्ञात आंकड़ों के अनुसार शहर में तापमान पहली बार इतना ऊपर पहुंचा है। वहीं उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में लू के कारण 81 लोगों की मौत हो गई। सर्वाधिक 13 मौतें कानपुर में हुई है। बिहार के पांच जिलों में 25 लोगों की मौत की सूचना है। जबकि 50 से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं। इसी तरह से दिल्ली में भीषण लू से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई और पांच मरीज अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। पंजाब में भी मंगलवार दोपहर तक लू व भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। लुधियाना 45.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। यहां समराला में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक था। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्र भीषण गर्मी से बेहाल हैं। लू के थपेड़ों से जनजीवन प्रभावित है। हरिद्वार में अधिकतम तापमान 42.2 और रुड़की में 42.0 डिग्री दर्ज किया गया। देहरादून में तापमान गिरकर 41.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य तापमान से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है।
उत्तर भारत में लू का कहर जारी
औसत से कम हो रही बारिश
मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को कहा कि जून में भारत में सामान्य से कम मानसूनी बारिश होगी क्योंकि देश के उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं। आइएमडी ने मानसून पूर्वानुमान के अपडेट में कहा कि पूरे देश में जून में औसत बारिश सामान्य से कम यानी लंबी अवधि की औसत वर्षा (एलपीए) के 92 प्रतिशत से कम रहने की संभावना है। 30 मई को केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने के बाद से भारत में 1 से 17 जून तक औसत से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इससे कृषि क्षेत्र की चिंताएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जून के आखिरी हफ्ते तक इसी तरह की भीषण गर्मी का सामना लोगों को करना पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
