Haryana Most Wanted Criminal Sahil chauhan Arrested: कई सालों से फरार चल रहा हरियाणा का कुख्यात अपराधी साहिल चौहान आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) ने इंटरपोल की मदद से उसे थाईलैंड से भारत वापस लाने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही जांच और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का नतीजा है। साहिल चौहान हरियाणा पुलिस के लिए एक बड़ा सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, डकैती और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इतना ही नहीं, वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांटेड सूची में भी शामिल था।
थाईलैंड से भारत लाया गया कुख्यात अपराधी (Photo: Times Now Navbharat)
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में था एक्टिव
बताया जाता है कि वह भुप्पी राणा गैंग (Bhupi Rana gang) का अहम सदस्य था, जो हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में सक्रिय रहा है। इस पूरे मामले की शुरुआत साल 2017 में हुई थी। यमुनानगर के जगाधरी कोर्ट में पेशी के दौरान गैंगवार छिड़ गई थी। इसी दौरान साहिल चौहान (Sahil Chauhan arrested) ने मोनू राणा पर फायरिंग की थी। इस मामले में उसे 10 साल की सजा भी सुनाई गई थी। हालांकि, जमानत मिलने के बाद वह देश छोड़कर फरार हो गया और विदेश में छिपकर रहने लगा। उसके फरार होने के बाद हरियाणा पुलिस ने इंटरपोल के जरिए उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया।
CBI, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय की संयुक्त कार्रवाई
काफी समय तक उसकी लोकेशन ट्रेस की गई और आखिरकार उसे बैंकॉक, थाईलैंड में पकड़ लिया गया। CBI, विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के संयुक्त प्रयासों से 10 अप्रैल 2026 को उसे भारत लाया गया। दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचते ही हरियाणा पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। CBI के अनुसार, इंटरपोल के जरिए पिछले कुछ वर्षों में 150 से ज्यादा फरार अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। एजेंसी का कहना है कि आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साहिल चौहान की गिरफ्तारी को कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है और इससे अन्य फरार अपराधियों के खिलाफ भी सख्त संदेश गया है।
