Nayab Singh Saini Exclusive Interview: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ खास बातचीत में राहुल गांधी और कांग्रेस की जमकर आलोचना की और दावा किया कि कांग्रेस अब सुरक्षित और रिजर्व सीट सीटें ढूंढती है, क्योंकि वे ओपन सीट पर नहीं जीत सकते हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
टाइम्स ग्रुप की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बातचीत में नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे तब से वह नॉन स्टॉप देश की सेवा कर रहे हैं और उनके पास एक स्पष्ट विजन और नीति रही है।
CM सैनी ने राहुल गांधी को घेरा
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस अब सुरक्षित और रिजर्व सीटें ढूढती है। जब अमेठी के लोगों ने उन्हें (राहुल गांधी) बाहर का रास्ता दिखाया और उन्हें वहां से हारने का खतरा महसूस हुआ, तब वह वायनाड जैसी सुरक्षित सीट पर चले गए। बकौल मुख्यमंत्री, कांग्रेस के पास न कोई नीति है, न ही नियत है और न ही नेता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जो अच्छे नेता है, वो पार्टी से दूर जा रहे हैं, क्योंकि राहुल गांधी क्या बोल दें, यह किसी को नहीं पता है।
'दिमाग से खाली हो चुके हैं राहुल'
मुख्यमंत्री सैनी ने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए पीएम मोदी और अमित शाह के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्दों को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया। उन्होंने कहा, ''राहुल गांधी दिमाग से खाली हो चुके हैं। इनके अंदर दिमाग नहीं रहा। राहुल गांधी पैदल है बेचारा... मुझे नहीं पता इनको कौन स्क्रिप्ट लिखकर दे रहा है और वह किस विचारधारा पर चल रहे हैं, यह समझ से परे है।''
उन्होंने कहा कि आगामी 2029 के चुनावों में कांग्रेस 'जीरो' पर सिमट जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें दूर-दूर तक कांग्रेस की कोई सीट आती हुई नहीं दिख रही है। कांग्रेस का कोई अस्तित्व नहीं बचेगा, क्योंकि वह झूठ का सहारा लेते हैं और झूठ बोलते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नक्सलवाद और विकास पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में नक्सलवाद फल-फूल रहा था, जिससे लोगों में भय का माहौल था और विकास कार्य रुके हुए थे। इस दौरान, उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह को नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय दिया।
कांग्रेस पर बरसे CM सैनी
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में पूरा देश आतंकवाद से ग्रसित था। बस और ट्रेन में बम धमाके होते थे, लेकिन तत्कालीन सरकार को इसकी चिंता नहीं थी। उन्होंने आगे कहा कि जिन लोगों ने अमित शाह पर उंगली उठाई है, देश उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
