देश

राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन के रूप में हरिवंश का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय, विपक्ष ने नहीं उतारा कोई उम्मीदवार

Dy Chairman Rajya Sabha: राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन के रूप में हरिवंश निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसा इसलिए कि विपक्ष ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है।

Image

हरिवंश (फाइल फोटो)

Harivansh Dy Chairman Rajya Sabha: राज्यसभा के डिप्टी चेयरमैन के रूप में हरिवंश (Harivansh) निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसा इसलिए कि विपक्ष ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। हरिवंश का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होने के बाद राज्यसभा के उपसभापति का पद रिक्त हो गया था।

राज्यसभा में कार्य-संचालन तथा प्रक्रिया नियमों के नियम 7 के तहत, राज्यसभा के उपसभापति का चुनाव 17 अप्रैल, 2026 को होगा। यह चुनाव उस दिन सुबह 11.00 बजे, सदन के पटल पर कागजात/रिपोर्ट रखे जाने के तुरंत बाद होगा।

विपक्ष की ओर से कोई नामांकन नहीं

सदन की कार्यवाही के अनुसार, नामांकन की अंतिम समय सीमा 16 अप्रैल यानी गुरुवार दोपहर 12 बजे समाप्त हो गई और इस निर्धारित समय तक विपक्षी दलों की ओर से किसी भी सदस्य का नाम प्रस्तावित नहीं किया गया है। जिससे माना जा रहा है कि यह अब औपचारिकता ही है और अब उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना दिख रही है।

कहा जा रहा है कि सत्तारूढ़ राजग (NDA) द्वारा हरिवंश (Harivansh) को इस महत्वपूर्ण पद पर फिर से निर्वाचित कराने के प्रयास किए जा रहे थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सरकार हरिवंश के लिए समर्थन मांग रही थी। इसके लिए जेपी नड्डा ने दूसरी पार्टियों से संपर्क करके उनका समर्थन मांगा।

हरिवंश होंगे उपसभापति बनने वाले पहले मनोनीत सांसद!

हरिवंश उपसभापति बनने वाले पहले मनोनीत सांसद होंगे। हरिवंश को पिछले हफ्ते ही राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया गया था और इस हफ्ते के आखिर में वो डिप्टी चेयरमैन के लिए करीब करीब तय माने जा रहे हैं। बता दें कि बतौर जेडी (यू) सांसद कार्यकाल समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरिवंश को राज्यसभा के लिए नामित किया था। अब फिर से हरिवंश राज्यसभा में उपसभापति बनने जा रहे हैं।

लंबे समय तक सक्रिय पत्रकारिता में काम किया है

हरिवंश नारायण सिंह (हरिवंश) एक वरिष्ठ भारतीय पत्रकार और राजनेता हैं। उन्होंने लगभग काफी लंबे समय तक सक्रिय पत्रकारिता में काम किया है। वर्ष 2014 में जनता दल (यू) के उम्मीदवार के रूप में बिहार से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। 8 अगस्त 2018 को वे पहली बार राज्यसभा के उपसभापति चुने गए। इसके बाद दूसरी बार 14 सितंबर, 2020 को वह पुनः राज्यसभा के उप सभापति निर्वाचित हुए।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article