हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोट करने के मामले में हरियाणा कांग्रेस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपने पांच विधायकों को तुरंत प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है। हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक कमेटी की सिफारिश पर पार्टी के राष्टीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे में इस फैसले को मंजूरी दी है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि नारायणगढ़, सढौरा, रतिया, पुनहाना और हथीन विधानसभा क्षेत्रों से निर्वाचित विधायक शैली चौधरी, रेणु बाला, सरदार जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इज़राइल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया है।
किसने दिया कार्रवाई आदेश
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई प्रदेश अनुशासन समिति की सिफारिश और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की स्वीकृति के बाद की गई है। राव नरेंद्र ने बताया कि संबंधित विधायकों ने हाल ही में संपन्न राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता की है, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हाल ही में हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक कमेटी की बैठक चंडीगढ़ में कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक की अध्यक्षता में हुई थी इस दौरान क्रॉस वोटिंग की आरोपी दो महिला विधायक शैली चौधरी और रेनू बाला भी अपना पक्ष रखने के लिए कमेटी के सामने पहुंची थी दोनों महिला विधायकों ने कहा था कि उन्होंने पार्टी के उम्मीदवार को ही अपना वोट दिया है। इसके अलावा मोहम्मद इसराइल और मोहम्मद इलियास ने पार्टी द्वारा जारी नोटिस का भी जवाब तक नहीं दिया था। जबकि कांग्रेस विधायक जनरल सिंह ने लिखित में अपना जवाब पार्टी को भेजा था। हरियाणा में हाल ही में दो सीटों के लिए हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी जबकि चार विधायकों के वोट रद्द किए हुए थे हालांकि बावजूद इसके कांग्रेस का उम्मीदवार विजयी हुआ था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
