Delimitation bill : केंद्र सरकार को भरोसा है कि संसद में परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत उसे मिल जाएगा। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि इस विधेयक को पारित कराने के लिए सरकार ने पुख्ता तैयारी कर ली है। 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में सरकार यह विधेयक पेश करने की तैयारी में है। सरकार की कोशिश इस विधेयक पर सभी दलों को साथ लेने की है। इसके लिए विपक्ष के सभी दलों से संपर्क साधा गया है।
परिसीमन विधेयक पारित कराने में जुटी सरकार। तस्वीर-AI
कैबिनेट की मंजूरी
शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दी। इसका मकसद संसद और राज्य विधानमंडलों में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटें बढ़ाना है। कैबिनेट ने संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक, 2026 को भी हरी झंडी दी, जिसके जरिये लोकसभा में परिसीमन की प्रक्रिया लागू की जाएगी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत विधायिका में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।
50 प्रतिशत बढ़ेंगी सीटें
परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में महिला आरक्षण के लिए विशेष प्रावधान जोड़ा गया है। इसकी धारा 10 के अनुसार हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को लोकसभा में आवंटित सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसी तरह प्रत्येक राज्य की विधानसभा की कुल सीटें भी 50 प्रतिशत बढ़ेंगी। यदि यह विधेयक दोनों सदनों में पारित हो जाता है, तो लोकसभा की सीटें 550 से बढ़कर 850 हो जाएंगी। हर राज्य और केंद्रशासित प्रदेश को लोकसभा और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत अधिक सीटें मिलेंगी।
1971 की जनगणना और 2051 तक रोक
फिलहाल राज्यों के बीच सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना की जनसंख्या के आधार पर तय है। सूत्रों के मुताबिक सीटों का आवंटन और पुनर्समायोजन 2051 तक स्थिर रखा जाएगा। सरकार ने परिसीमन को चल रही 2026 की जनगणना से अलग रखने की योजना बनाई है। यानी नई सीटें जनगणना के ताजा आंकड़ों पर आधारित नहीं होंगी, बल्कि मौजूदा अनुपात को बनाए रखते हुए हर राज्य की सीटें समान प्रतिशत से बढ़ाई जाएंगी। दक्षिणी राज्य लंबे समय से आशंका जताते रहे हैं कि जनसंख्या आधारित परिसीमन से उनका प्रतिनिधित्व घट सकता है। इस ढांचे में सभी राज्यों को समान अनुपात में बढ़ोतरी मिलने की बात कही गई है।
2029 से पहले पूरी होगी प्रक्रिया
सूत्रों का कहना है कि सरकार इस पूरी प्रक्रिया को दो साल के भीतर, यानी 2029 के आम चुनाव से पहले पूरा करना चाहती है।
सोमवार को कार्य मंत्रणा समिति की बैठक
संसदीय कामकाज को लेकर कार्य मंत्रणा समिति (बिजनेस एडवाइजरी कमेटी) की बैठक सोमवार सुबह 10 बजे होगी। इसमें विधायी कार्यों पर सभी दलों से सलाह-मशविरा किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार विधेयकों पर मतदान लंबा चलने की संभावना है। 1 दिसंबर 2026 को लोकसभा में पांच से छह घंटे तक मतदान प्रक्रिया चल सकती है।
सोमवार को होगी सर्वदलीय चर्चा
संविधान संशोधन विधेयक होने के कारण इसे पारित कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई बहुमत के साथ-साथ सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत की भी जरूरत होगी। सरकार का दावा है कि उसके पास यह समर्थन जुटाने की रणनीति तैयार है। अब सबकी नजरें सोमवार की सर्वदलीय चर्चा और 1 दिसंबर के मतदान पर टिकी हैं, जिससे तय होगा कि देश की संसदीय तस्वीर में यह ऐतिहासिक बदलाव आकार ले पाता है या नहीं।
