Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से नहीं हटाए जाने को लेकर सरकार पर बड़ा हमला बोला। अखिलेश ने पूछा कि NEET मामले में अब तक सरकार ने प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटाया क्यों नहीं? यादव ने आरोप लगाया कि सरकार डरी हुई है। लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा, 'हमें इस बारे में जरूर सोचना चाहिए कि सरकार अपने मंत्री को क्यों नहीं हटा पा रही है। सरकार पर किस तरह का दबाव है? क्या मंत्री के पास सरकार के कुछ राज हैं जिसकी वजह से वह उन्हें नहीं हटा पा रही है? सरकार डरी हुई लग रही है।'
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव।
मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा-धर्मेंद्र
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि छात्रों की मांगें पूरी होने तक विपक्ष का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा, 'समाजवादी पार्टी और सभी विपक्षी दल छात्रों के साथ खड़े हैं। सरकार आज ही उनकी समस्याओं का समाधान करे, तो हमारा प्रदर्शन भी आज ही समाप्त हो जाएगा। लेकिन जब तक छात्रों की समस्याएं बनी रहेंगी, जब तक वे जंतर-मंतर पर बैठे रहेंगे और सरकार के जवाब से संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक हम सदन के भीतर और बाहर अपने-अपने तरीके से विरोध जारी रखेंगे।'
'हिटलर के रास्ते पर चल रही सरकार'
20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए धर्मेंद्र यादव ने कहा, "20 जुलाई को हजारों छात्र लाठीचार्ज का शिकार हुए... वह काला दिन था।" वहीं, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद में छात्रों के मुद्दे उठाने से विपक्ष को रोक रही है। उन्होंने कहा, 'कल अखिलेश यादव और पूरी समाजवादी पार्टी जंतर-मंतर पर बैठे लोगों का मुद्दा उठा रही थी। लेकिन सरकार सदन चलने नहीं दे रही है और हम अपनी मांग पर डटे रहे। अखिलेश यादव को हिरासत में लेकर काफी दूर ले जाया गया... यह सरकार हिटलर के रास्ते पर चल रही है।'
काले कपड़े पहनकर विपक्ष का प्रदर्शन
इस बीच, विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेता इस प्रदर्शन में शामिल रहे।
