Kisan Andolan: सरकार से बातचीत विफल होने के बाद अब किसानों का मार्च एक बार फिर से दिल्ली की ओर कूच करने लगा है। हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर प्रशासन के साथ किसानों का टकराव शुरू हो चुका है। जिसके बाद सरकार ने ऐतिहातन 177 सोशल मीडिया और वेब लिंक को अस्थाई रूप से बंद कर दिया है।
सरकार का आदेश
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है। सरकार ने किसानों के विरोध प्रदर्शन से जुड़े करीब 177 सोशल मीडिया खातों और वेब लिंक को अस्थायी रूप से ‘ब्लॉक’ करने का आदेश दिया है। जिसके बाद इन अकाउंटों को बंद कर दिया गया है।
कानून-व्यस्था बनाए रखने के लिए उठाए कदम
Kisan Andolan Live Updatesयह आदेश इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गृह मंत्रालय के अनुरोध पर आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) अधिनियम की धारा 69ए के तहत 14 और 19 फरवरी को जारी किए। सूत्रों ने कहा- "कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गृह मंत्रालय के अनुरोध पर 177 सोशल मीडिया खातों और वेब लिंक को अस्थायी रूप से ‘ब्लॉक’ करने के आदेश जारी किए गए हैं।"
किसान आंदोलन खत्म होने के बाद होंगे चालू
फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, स्नैपचैट और कुछ अन्य सोशल मीडिया मंचों के खातों और लिंक को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है। सूत्र ने बताया कि किसान आंदोलन खत्म होने के बाद इन खातों को बहाल किया जा सकता है।
किसानों के साथ सरकार की बातचीत फेल
बता दें कि एक दिन पहले ही प्रदर्शनकारी किसानों ने पांच सालों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सरकारी एजेंसियों के मार्फत दालें, मक्का और कपास की फसलें खरीदने के केंद्र के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इन किसानों ने बुधवार को अपना ‘दिल्ली चलो’ आंदोलन पर आगे बढ़ने की घोषणा की।
