भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, क्योंकि उनके स्टाफ को कथित तौर पर "आईएसआईएस कश्मीर" से एक ईमेल मिला है। 22 अप्रैल को दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे के बीच दो ईमेल मिले। बता दें कि 22 अप्रैल को 2 बजे के आसपास ही पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, जिसमें आतंकियों ने पर्यटकों पर गोलियां बरसाईं थीं, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई है।
गौतम गंभीर ने परिवार के लिए मांगी सुरक्षा
गौतम गंभीर ने इस मेल को लेकर एफआईआर दर्ज करने और आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की है। भारतीय कोच ने दिल्ली पुलिस से अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी कहा है। दिल्ली पुलिस मेल और भेजने वाले की आईडी की सत्यता की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस मेल की सत्यता और पुष्टि कर रही है।
गंभीर के पर्सनल सेक्रेटरी गौरव अरोड़ा ने की शिकायत
धमकी मिलने के बाद गंभीर के पर्सनल सेक्रेटरी गौरव अरोड़ा की ओर से दिल्ली पुलिस को शिकायत दी गई। शिकायत में उनके पीएस ने बताया कि यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। गौतम गंभीर के पीएस ने एसएचओ राजेंद्र नगर और डीसीपी सेंट्रल को ईमेल के जरिए शिकायत दी और इस धमकी का जिक्र किया गया है। शिकायत में लिखा गया- "प्रिय महोदय, नमस्ते। जैसा कि हमने बात की थी, कृपया संलग्न गौतम गंभीर (पूर्व सांसद), भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के मेल आईडी पर प्राप्त "धमकी भरे मेल" देखें। कृपया इसके अनुसार एफ.आई.आर. दर्ज करें और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। किसी अन्य प्रश्न के लिए, कृपया जवाब दें या संपर्क करें।"
पहले भी मिल चुकी है गौतम गंभीर को धमकी
गौतम गंभीर को धमकी मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले उन्हें 2021 में जान से मारने की धमकी मिली थी। लेकिन, इस बार मामला ज्यादा गंभीर बताया जा रहा है, क्योंकि उन्हें किसी आतंकवादी संगठन के नाम से धमकी आई है।
रह चुके हैं भाजपा से सांसद
आपको बताते चलें, गौतम गंभीर इस समय टीम इंडिया के हेड कोच हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद ही उन्हें टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। इससे पहले वह आईपीएल फ्रेंचाइजी केकेआर के साथ जुड़े हुए थे। ईस्ट दिल्ली लोकसभा सीट से गौतम गंभीर भाजपा सांसद भी रह चुके हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।
