BRICS Summit Security: ब्रिक्स समिट को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ अहम बैठक की। दिल्ली पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को हुई इंटरस्टेट को-ऑर्डिनेशन मीटिंग में हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने की।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ अहम बैठक की
ब्रिक्स समिट 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली में होना है। बैठक का मकसद समिट के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और अलग-अलग राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाना रहा।
बैठक में बॉर्डर चेकिंग, ट्रैफिक व्यवस्था, संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान व निगरानी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की आवाजाही की जानकारी समय रहते एक-दूसरे के साथ साझा की जाए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: BRICS Summit के लिए दिल्ली में छुट्टी, 11 सितंबर को बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर
ड्रोन और उड़ने वाली वस्तुओं पर भी नजर
बैठक में खुले इलाकों से ड्रोन या दूसरी उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही का मुद्दा भी उठाया गया। दिल्ली और आसपास के राज्यों की पुलिस को इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने और जरूरी जानकारी तुरंत साझा करने को कहा गया।समिट के दौरान ट्रैफिक प्रतिबंधों और सीमाओं पर अनधिकृत तरीके से घुसने वाले वाहनों को रोकने के लिए भी योजना तैयार की गई। इन उपायों की जानकारी पड़ोसी राज्यों के पुलिस अधिकारियों के साथ साझा की गई है। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया।
आम लोगों को कम से कम परेशानी हो
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने बैठक में कहा कि समिट के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए। ट्रैफिक प्रतिबंधों की जानकारी लोगों तक पहले से पहुंचाने के लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और एफएम रेडियो का इस्तेमाल करने पर जोर दिया गया।
वैकल्पिक रास्तों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखने के निर्देश
एनसीआर के पुलिस अधिकारियों से भी अपने-अपने इलाकों में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने को कहा गया है। समिट के दौरान उन वाहनों को नियंत्रित करने की योजना है, जिनका गंतव्य दिल्ली या संबंधित प्रतिबंधित क्षेत्र नहीं है। आम लोगों के लिए बनाए जाने वाले वैकल्पिक रास्तों को अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लगातार संपर्क और आपसी तालमेल बनाए रखने को कहा गया
बैठक में शामिल राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अधिकारियों से समिट के दौरान लगातार संपर्क और आपसी तालमेल बनाए रखने को कहा गया। दिल्ली पुलिस ने पिछले मौकों पर मिले सहयोग के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस की सराहना करते हुए ब्रिक्स समिट के दौरान भी इसी तरह के सहयोग की उम्मीद जताई।
